
भोपाल।अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने मंगलवार को आरजीपीवी में विरोध प्रदर्शन किया. राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी परिसर में 4 घंटे तक प्रदर्शन किया गया. यह प्रदर्शन विश्वविद्यालय परिसर में लगातार हो रही गंभीर घटनाओं के विरोध में था, जिनमें महिला गेस्ट फैकल्टी के साथ दुर्व्यवहार, फैकल्टी सदस्यों द्वारा अनुशासनहीनता और परिसर में पिस्टल जैसे हथियार लहराने की घटनाएं शामिल रहे. परिषद ने इन घटनाओं को न केवल छात्र-शिक्षक संबंधों के लिए खतरा बताया, बल्कि विश्वविद्यालय की गरिमा पर सीधा आघात भी करार दिया. अभाविप के विरोध के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन हरकत में आया और सह प्राध्यापक डॉ. मनीष अहिरवार एवं उदय चौरसिया से स्पष्टीकरण माँगा गया है.
