जबलपुर: हिस्ट्रीशीटर अब्दुल रज्जाक की गैंग के सदस्य पुलिस रिमांड में हैं। पुलिस ने रज्जाक के पुत्र, भाई, भतीजे और करीबी से बंद कमरे में घंटों पूछताछ की। पुलिस टीमों ने सवालों की बौछारे की। इस दौरान आरोपियों ने पूछताछ के दौरान कभी चुप्पी साधी तो कभी राज उगले। पूछताछ में मिली जानकारियोंं के आधार पर पुलिस आगे की तफ्तीश कर रही है।
इसके अलावा रज्जाक के फरार पुत्र सरताज को विदेशी ठिकानों को लेकर जुटाई गई जानकारी पर दुबई से लेकर तुर्की, बेंगलुरू और हैदराबाद तक कनेक्शन की जांच शुरू कर दी गई है। इसके अलावा गैंग के फरार सदस्यों की तलाश में भी छापेमारी की जा रही है। मददगारों पर भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। इसके अलावा अवैध संपत्तियों का ब्यौरा भी जुटाया जा रहा है।
विदित हो कि ओमती थाने में दर्ज धोखाधड़ी, धमकाने, अवैध हथियार समेत अन्य प्रकरणों में फरार सरफराज पिता अब्दुल रज्जाक 45 वर्ष, मोह. महमूद पिता अब्दुल वहीद 53 वर्ष को गिरफ्तार किया गया है जबकि सिवनी से ओमती व कटनी स्लिमनाबाद थाने में दर्ज अपराध में अजहर पिता रियाज 26 वर्ष और मोह. सज्जाद पिता मोह. अब्बास 25 वर्ष को गिरफ्तार किया गया है। जिन्हें पुलिस रिमांड में लेकर पूछताछ कर रही है। आरोपियों के कब्जे से 1 करोड से अधिक मूल्य की बीएमडब्ल्यू एवं मर्सडीज कार, पिस्टल एवं कारतूस जप्त की गई हैं। शनिवार को पुलिस ने आरोपियों के घरों में भी सर्चिंग की थी, इस दौरान मिली पिस्टल और दस्तावेजों को लेकर भी जांच पड़ताल की जा रही है।
