जबलपुर: महाराणा प्रताप वार्ड की भूकंप कॉलोनी में एक ऐसा अजीबो-गरीब मामला सामने आया है जिसमें पिछले कई सालों से एक परिवार द्वारा मालिकाना हक जताते हुए मुख्य सड़क पर कब्जा करके रखा गया है जबकि स्थानीय लोगों की माने तो ये जमीन हाउसिंग बोर्ड की है और इस सड़क के निर्माण पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने स्वीकृति भी जाहिर कर दी है। अवैध कब्जे से परेशान लोगों ने मामले की शिकायत लोक निर्माण मंत्री से की है।
एलआईजी 190,भूकंप कॉलोनी के पास रहने वाले स्थानीय लोगों ने नवभारत को बताया कि मकान नंबर एलआईजी 190, भूकंप कॉलोनी, महाराणा प्रताप वार्ड- 16 पानी की टंकी के पास रहने वाली किरण झारिया, सीडी झारिया ने सरकारी जमीन करीब 20 फीट पर कब्जा करके मुख्य सड़क पर आवागमन बाधित किया है। हम लोगों के द्वारा कई बार नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते को शिकायत की गई लेकिन दस्ते द्वारा ये कहकर आज तक कार्रवाई नहीं की कई कि ये मामला भवन शाखा देख रही है।
19 फरवरी को सड़क निर्माण का जारी हुआ था टेंडर
स्थानीय रहवासियों ने नवभारत को ये भी बताया कि विगत 19 फरवरी 2025 को ई टेंडर भी भूकंप कॉलोनी की इस सड़क का जारी किया गया था। जिस ठेके की अनुमानित राशि 269.31 लाख रुपए थी। जारी टेंडर के अनुसार यश किराना से भूकंप कॉलोनी मार्ग, आई टाइप कॉलोनी से गजरथ कॉलोनी मार्ग महाराणा प्रताप वार्ड की सड़क का निर्माण कार्य पूरा करने के लिए समयावधि 15 महीने रखी गई थी। विदित हो कि लोक निर्माण मंत्री ने यह सड़क स्वीकृत की थी इसके बाद टेंडर जारी हुए थे।
एक माह पहले जारी किया गया नोटिस
जानकारी के अनुसार भवन शाखा ने किरण झारिया, सीडी झारिया को एक माह पहले नोटिस भी जारी किया था जिस पर इन लोगों के द्वारा जमीन पर मालिकाना हक होना बताया जा रहा है। लेकिन सवाल ये खड़ा होता है कि हाउसिंग बोर्ड की जमीन पर निजी मालिकाना हक कैसे साबित हो गया जबकि इस सड़क पर लोक निर्माण मंत्री ने सड़क निर्माण की स्वीकृति जारी कर दी और फिर लोक निर्माण विभाग द्वारा इस सड़क निर्माण के लिए ठेकेदारों के लिए निविदा भी बुला ली गई।
कुछ इस प्रकार बयां किया दर्द
कमलेश झारिया, राजेश नाग, प्रियंका उपाध्याय, पूजा शर्मा, आशुतोष मिश्रा, अमित मिश्रा, निशा खान, राजेंद्र खरे, रामलखन सोनी सहित अन्य स्थानीय लोगों ने नवभारत को बताया कि पिछले 10 सालों से मुख्य मार्ग भूकंप कॉलोनी से धनवंतरी नगर, गजरथ नगर महाराणा प्रताप वार्ड में मुख्य सड़क में किए गए अवैध निर्माण से हम सभी बेहद परेशान हैं और बारिश में हाल और भी बदहाल हो जाते हैं जब उन्हें कीचड़ वाली बंद सड़क का सामना करना पड़ता है। 1 माह पहले लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के आदेश के बाद वार्ड के अनेक क्षेत्रों में सीवर लाइन का काम किया गया लेकिन अधिकांश घरों के सामने सीवर लाइन के गड्ढों को ठेकेदार द्वारा खुला छोड़ दिया गया ये भी एक बड़ी समस्या हम लोगों के सामने बनी हुई है।
इनका कहना है
आपके द्वारा मेरे संज्ञान में ये अवैध अतिक्रमण का मामला लाया गया है। इस पूरे प्रकरण की जांच में कराकर वैधानिक कार्रवाई करवाती हूं। अवैध अतिक्रमण के खिलाफ लगातार कार्रवाई आगे भी होती रहेंगीं।
प्रीति यादव, कमिश्नर, नगर निगम जबलपुर
