
जबलपुर: लार्डगंज थाना क्षेत्र के यादव कॉलोनी में रहने वाले एमपीईबी के रिटायर्ड एसई सुधीर खरे (64) साइबर ठगी का शिकार हो गए। एक अज्ञात ठग ने खुद को सीआरपीएफ का जवान बताकर उन्हें फोन किया और कहा कि उसका ट्रांसफर जम्मू-कश्मीर हो गया है, इसलिए वह अपना तीन महीने पुराना फर्नीचर सस्ते में बेचना चाहता है। व्हाट्सएप पर तस्वीरें देखने के बाद सुधीर खरे ने 70 हजार रुपये में सौदा तय कर लिया।
उन्होंने एडवांस के रूप में अपने परिचित के माध्यम से ठग के खाते में 30 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद ठग ने इंश्योरेंस के नाम पर 31 हजार 500 रुपये और मांगे, जिससे खरे को शक हो गया। पैसे न देने पर आरोपी ने संपर्क काट दिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
