
ग्वालियर। ग्वालियर के निवासी प्रसिद्ध उद्योगपति अतुल लढ़ा ने माउंट अकोंकागुआ (6,962 मीटर) जो दक्षिण अमेरिका का सबसे ऊँचा पर्वत है तथा हिमालयी श्रेणी के बाहर विश्व की सबसे ऊँची चोटी है, का सफलतापूर्वक शिखर आरोहण किया है। 28 जनवरी को दोपहर लगभग 3 बजे शिखर पर भारत का तिरंगा लहराकर उन्होंने मध्य प्रदेश एवं पूरे देश का नाम गौरवान्वित किया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ ग्वालियर के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि 59 वर्ष 4 माह की आयु में अतुल लढ़ा माउंट अकोंकागुआ पर शिखर तक पहुँचने वाले सबसे उम्रदराज़ भारतीय बने हैं। साथ ही, उन्होंने सबसे कम समय में इस शिखर को प्राप्त करने वाले पहले भारतीय बनने का भी गौरव हासिल किया है।
कैट के राष्ट्रीय संगठन मंत्री भूपेन्द्र जैन ने उनकी इस उत्कृष्ट और गौरवपूर्ण उपलब्धि पर बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि वे भविष्य में भी नई-नई ऊँचाइयाँ प्राप्त कर अपने प्रदेश तथा राष्ट्र का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।
