लंदन, 11 जुलाई (वार्ता) ब्रिटेन की उप प्रधानमंत्री एंजेला रेनर यूक्रेन को पांच हजार से अधिक थेल्स वायु रक्षा मिसाइलों की आपूर्ति के एक समझौते पर हस्ताक्षर करेंगी।
थेल्स एयर डिफेंस लिमिटेड अल्प-श्रेणी की वायु रक्षा मिसाइलों का उत्पादन करता है, जो सैन्य बलों को हवाई हमलों से बचाने के लिए डिज़ाइन की गई हैं। यह कंपनी उत्तरी आयरलैंड के बेलफास्ट में स्थित है।
ब्रिटेन ने अगले वर्षों में यूक्रेन के लिए 28 करोड़ 30लाख यूरो तक की द्विपक्षीय सहायता की भी पुष्टि की है। ब्रिटिश उच्चायोग द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि यह घोषणा यूक्रेन की तात्कालिक और दीर्घकालिक ज़रूरतों के लिए नए ब्रिटेन पैकेज के यूक्रेन रिकवरी सम्मेलन में पेश किए जाने के बाद की गई है। बयान में कहा गया है कि सम्मेलन में प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर का प्रतिनिधित्व करते हुए, सुश्री रेनर और निर्यात मंत्री गैरेथ थॉमस यूक्रेन सरकार के साथ औपचारिक रूप से समझौते पर हस्ताक्षर करेंगे। यह समझौता ब्रिटेन -यूक्रेन रक्षा सहयोग में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।
बयान के अनुसार ब्रिटेन और यूक्रेन ने वायु रक्षा मिसाइलों के लिए एक ऐतिहासिक समझौता किया है, जिससे ब्रिटिश विकास और रोज़गार को बढ़ावा मिलेगा और यूक्रेन को संघर्ष में बनाए रखने में मदद मिलेगी। इस वर्ष के यूक्रेन रिकवरी कॉन्फ्रेंस में ब्रिटेन और यूक्रेन के बीच होने वाले एक बड़े रक्षा सौदे में 200 ब्रिटिश रोज़गार सृजित होंगे।

