दिल्ली प्रदर्शन: ग्वालियर में ताबड़तोड़ गिरफ्तारियां, जितेन्द्र दो दिन की रिमांड पर

ग्वालियर। दिल्ली पुलिस ने पिछले सप्ताह ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ में युवा कांग्रेस द्वारा कमीज उतारकर किए गए विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में ग्वालियर से तीन कार्यकर्ताओं समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है और उन पर विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता को बढ़ावा देने तथा राष्ट्रीय एकता को नुकसान पहुंचाने वाले बयान देने सहित कई आरोप लगाए गए हैं।

पुलिस ने बताया कि युवक कांग्रेस से जुड़े जितेंद्र यादव, राज गुर्जर और अजय कुमार को ग्वालियर से गिरफ्तार किया गया, जिससे इस मामले में गिरफ्तारियों की कुल संख्या सात हो गई है। इनके अलावा पुलिस ने ललितपुर से यूथ कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के महासचिव रितिक उर्फ ​मोंटी शुक्ला को भी हिरासत में लिया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 196 (धर्म, जाति, जन्मस्थान, निवास स्थान, भाषा आदि के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता को बढ़ावा देना और सद्भाव बनाए रखने में हानिकारक कार्य करना) तथा 197 (राष्ट्रीय एकता के लिए हानिकारक आरोप और बयान) के अलावा कई और धाराएं जोड़ी हैं। इन धाराओं के तहत तीन साल तक की कैद, जुर्माना या दोनों हो सकते हैं।

*परिजनों ने लगाया मारपीट का आरोप*

दिल्ली पुलिस मध्यप्रदेश युवक कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव जितेंद्र यादव को ग्वालियर से उठाकर दिल्ली ले गई है. यादव पर राजधानी दिल्ली में आयोजित एआई समिट 2026 के दौरान अर्धनग्न विरोध प्रदर्शन में शामिल होने का आरोप है. परिजनों ने बताया कि जितेंद्र अपने कमरे में थे. अचानक घर के गेट पर किसी की आहट हुई. जब तक परिवार के लोग बाहर आए, पुलिस सीधे उनके कमरे में जाकर उन्हें उठाकर नीचे ले आई. उन्होंने बताया कि पुलिस ने उन्हें मारते पीटते दिल्ली की स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठाकर ले गई. रात में परिजन कुछ नेताओं के साथ थाने गए, लेकिन मिलने नहीं दिया गया. उनके मोबाइल के जरिए ही परिवार को संपर्क कराया गया. पिता केशव यादव ने बताया कि पुलिस के कुछ लोग फिर उनके घर आए और दावा किया कि उनके बेटे ने दिल्ली में उत्पात मचाया है. उन्होंने रात को ही जितेंद्र को ले जाने की जानकारी दी थी. पुलिस ने परिवार के सभी मोबाइल भी ले लिए, बाद में लौटाए. पुलिस ने जितेंद्र के कपड़े भी ले लिए. उसके बाद से उनकी कोई जानकारी नहीं है कि उनका बेटा कहां है.

*जितेन्द्र यादव कोर्ट में पेश, दो दिन की रिमांड पर भेजा*

दिल्ली पुलिस ने ग्वालियर से गिरफ्तार यूथ कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव जितेंद्र यादव को इस पूरी साजिश का हिस्सा माना है। कहा गया है कि वह विरोध प्रदर्शन के दौरान वहां मौजूद था. दिल्ली पुलिस की टीम ने जितेंद्र यादव को आज दिल्ली लाकर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 2 दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड पर भेज दिया गया है. पुलिस उन ठिकानों पर भी छापेमारी कर रही है जहां प्रदर्शन के दौरान पहनी गई विवादित टी-शर्ट्स प्रिंट करवाई गई थीं.

*दोनों दलों के बीच आरोप प्रत्यारोप*

भारतीय जनता पार्टी ने इसे ‘वैश्विक मंच पर भारत की छवि को धूमिल करने का एक शर्मनाक कृत्य बताया, जबकि युवा कांग्रेस ने इसे राष्ट्रीय हितों की रक्षा के उद्देश्य से किया गया शांतिपूर्ण प्रदर्शन बताकर इसका बचाव किया।

Next Post

एपस्टीन फाइल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, उनके मित्रों और केंद्रीय मंत्रियों का नाम आना बेहद गंभीर बात: राहुल

Mon Feb 23 , 2026
नयी दिल्ली, 23 फरवरी (वार्ता) लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा है कि “एपस्टीन फाइल” में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, उनके मित्रों और केंद्रीय मंत्रियों का नाम आना बेहद गंभीर बात है और यह देश की छवि से जुड़ा बड़ा प्रश्न है। श्री गांधी ने सोमवार को यहां […]

You May Like