बेंगलुरु, 24 नवंबर (वार्ता) ज्योति सिंह की अगुवाई में भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम एक से 13 दिसंबर तक चिली के सैंटियागो में होने वाले एफआईएच महिला जूनियर हॉकी विश्वकप 2025 में भाग लेने के लिए यहां से रवाना हो गई।
बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रविवार रात 20 सदस्यीय भारतीय टीम टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए रवाना हुई। टीम में दो वैकल्पिक खिलाड़ी भी शामिल हैं।
टूर्नामेंट में भारतीय टीम को जर्मनी, आयरलैंड और नामीबिया के साथ पूल सी में रखा गया है। भारतीय टीम एक दिसंबर को नामीबिया के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेगी, उसके बाद तीन दिसंबर को जर्मनी और पांच दिसंबर को आयरलैंड के खिलाफ मैच खेलेगी। हर पूल से शीर्ष टीमें नॉकआउट चरण में जाएंगी, जो सात से 13 दिसंबर तक खेला जाएगा।
टूर्नामेंट की दूसरी टीमों में पूल ए में नीदरलैंड्स, जापान, चिली और मलेशिया हैं। पूल बी में अर्जेंटीना, बेल्जियम, जिम्बाब्वे और वेल्स हैं, जबकि पूल डी में इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, चीन और ऑस्ट्रिया हैं। पूल ई में ऑस्ट्रेलिया, स्पेन, कनाडा और स्कॉटलैंड शामिल होंगे तथा पूल एफ में अमेरिका, कोरिया, न्यूजीलैंड और उरुग्वे है।
