नयी दिल्ली, 11 जुलाई (वार्ता) केन्द्र और राज्य के बीच बेहतर तालमेल और विकसित भारत की कल्पना को आगे बढ़ाने के अपने निरंतर प्रयासों के तहत केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय शनिवार को गुजरात के केवडिया में क्षेत्रीय बैठक करेगा।
बैठक की अध्यक्षता केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी करेंगी और इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर और गुजरात सरकार की महिला एवं बाल विकास मंत्री भानुबेन बाबरिया भी उपस्थित रहेंगी।
गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, गोवा, दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव के महिला एवं बाल विकास विभागों के मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी बैठक में भाग लेंगे। बैठक में सर्वोत्तम कार्य प्रणालियों, नवीन मॉडलों और सफल हस्तक्षेपों की प्रस्तुति भी होगी, जिससे पूरे क्षेत्र में पारस्परिक शिक्षा और अनुकरण को प्रोत्साहन मिलेगा।
केन्द्र और राज्य के बीच रचनात्मक संवाद और तालमेल के लिए एक मंच के रूप में क्षेत्रीय बैठक की कल्पना की गयी है, जिसमें मुख्य रूप से मंत्रालय की प्रमुख योजनाओं- मिशन शक्ति, मिशन वात्सल्य और सक्षम आंगनवाड़ी एवं पोषण 2.0 – के कार्यान्वयन को मजबूती प्रदान करना है। मुख्य विचार-विमर्श में सेवा वितरण, पोषण ट्रैकर जैसे डिजिटल उपकरणों का एकीकरण, फेस रिकग्निशन सिस्टम (एफआरएय) जैसी उभरती प्रौद्योगिकियों का उपयोग और जमीनी स्तर पर प्रौद्योगिकी-सक्षम और एकीकृत सेवा वितरण को बढ़ाने की रणनीतियों जैसे पहलुओं पर चर्चा होगी।
कार्यक्रम के अंतर्गत, मंत्रालय ‘एक पेड़ माँ के नाम’ पहल के तहत वृक्षारोपण अभियान चलायेगा। प्रतिनिधि बाल पोषण पार्क, स्टेच्यू ऑफ यूनिटी का भी दौरा करेंगे और नर्मदा आरती तथा प्रकाश एवं ध्वनि शो में भाग लेंगे, जो विकास के प्रति सांस्कृतिक रूप से निहित और एकीकृत दृष्टिकोण के प्रति मंत्रालय की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

