न्यायालय ने आईएएस अधिकारी पर अवमानना मामले में लगाया जुर्माना रद्द किया

चेन्नई, 10 जुलाई (वार्ता) मद्रास उच्च न्यायालय ने अवैध निर्माणों पर कार्रवाई न करने से संबंधित अवमानना ​​मामले में गुरुवार को अदालत में उपस्थित होकर बिना शर्त माफी मांगने पर भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के वरिष्ठ अधिकारी और ग्रेटर चेन्नई निगम आयुक्त जे कुमारगुरुबरन पर एक लाख रुपये जुर्माने के अपने पिछले आदेश को रद्द कर दिया।

मुख्य न्यायाधीश के आर श्रीराम और न्यायमूर्ति सुंदर मोहन की प्रथम पीठ ने आयुक्त की व्यक्तिगत उपस्थिति और माफ़ी पर ध्यान देते हुए जुर्माना लगाने के पिछले आदेश को रद्द कर दिया। पीठ ने कहा कि अधिकारी ने जानबूझकर अवज्ञा नहीं की थी और उन्होंने इस पर खेद व्यक्त किया है।

पीठ ने बुधवार को एक अधिवक्ता और पूर्व पार्षद रुक्मंगथन द्वारा दायर अवमानना ​​मामले की सुनवाई के दौरान नगर निकाय के आचरण पर कड़ी आपत्ति जताई और कुमारगुरुबरन को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने के लिए समन जारी किया।

याचिकाकर्ता के अनुसार ग्रेटर कॉर्पोरेशन 2021 में पारित उच्च न्यायालय के उस आदेश को लागू करने में विफल रहा है जिसमें उत्तरी चेन्नई के रॉयपुरम और अन्य इलाकों में अनधिकृत इमारतों और निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया था।

पूर्व मुख्य न्यायाधीश एसवी गंगापुरवाला की पीठ ने रुक्मंगथन द्वारा दायर अवमानना ​​याचिका पर सुनवाई करते हुए आयुक्त की निष्क्रियता पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की और जुर्माना लगाते हुए कहा कि यह जुर्माना अधिकारी के वेतन से काटा जाना चाहिए जिसका भुगतान अड्यार कैंसर संस्थान को किया जाना चाहिए।

आयुक्त की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता जे रवींद्रन ने नरमी बरतने का आग्रह करते हुए कहा कि कार्रवाई में विफलता जानबूझकर नहीं की गई थी और अधिकारी ने इस चूक की जिम्मेदारी ली है।

 

Next Post

शिवराज ने आंध्र के सूखा ग्रस्त जिलों को लेकर की समीक्षा बैठक

Thu Jul 10 , 2025
नयी दिल्ली, 10 जुलाई (वार्ता) कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दक्षिणी आंध्र प्रदेश के सूखा ग्रस्त जिलों को लेकर आज यहां समीक्षा बैठक की और कहा कि इन क्षेत्रों के लिए राज्य सरकार के साथ मिलकर ‘एकीकृत कार्ययोजना’ बनाई जाएगी। श्री चौहान ने कहा कि बैठक के बाद पत्रकारों […]

You May Like