हमास ने युद्धविराम के लिए 10 कैदियों को रिहा करने की पेशकश की

यरूशलम, 10 जुलाई (वार्ता) हमास ने इजरायल के ‘अड़ियल’ रवैये के कारण युद्ध विराम वार्ता को कठिन बता हुए कहा कि वह बाधाओं को दूर करने के लिए गंभीरता से काम कर रहा है। यह जानकारी डॉन ने गुरुवार को दी।

फिलिस्तीनी समूह ने घोषणा किया कि वह चल रहे शांति प्रयासों के बीच 10 कैदियों को रिहा करेगा लेकिन स्पष्ट किया कि समझौते में अभी भी कई अड़चनें हैं, जिनमें सहायता के प्रवाह को सुगम बनाना, गाजा पट्टी से इजरायली सेना की वापसी और स्थायी युद्ध विराम की वास्तविक गारंटी शामिल हैं।

हमास द्वारा यह घोषणा कतर की मध्यस्थता में चार दिनों तक चली अप्रत्यक्ष वार्ता के बाद की गई है।

हमास ने कहा, ‘’इजरायल की हठधर्मिता के कारण अब तक इन मुद्दों पर बातचीत में आ रही कठिनाईयों के बावजूद हम बाधाओं को दूर करने, अपने लोगों की पीड़ा को समाप्त करने और स्वतंत्रता, सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन की उनकी आकांक्षाओं को सुनिश्चित करने के लिए मध्यस्थों के साथ गंभीरता एवं सकारात्मक भावना के साथ काम कर रहे हैं।’’

युद्ध विराम वार्ता के करीबी एक फिलिस्तीनी अधिकारी ने संकेत दिया कि इजरायल अभी भी गाजा में सहायता के मुक्त प्रवेश की अनुमति देने से इनकार करके समझौते को रोक रहा है।

दोहा में हुई वार्ता के जानकार एक फिलिस्तीनी सूत्र ने कहा कि इजरायली प्रतिनिधिमंडल बातचीत करने के बजाय ज्यादातर सुन रहा था जो कि किसी भी संभावित समझौते में बाधा डालने और उसे विफल करने की इजरायल की नीति को दर्शाता है।

इस बीच, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने वाशिंगटन में शीर्ष अधिकारियों के साथ उत्साहजनक बैठक की जो राष्ट्रपति ट्रंप की इस सप्ताह या अगले सप्ताह गाजा में युद्ध विराम की उम्मीदों के अनुरूप है।

श्री नेतन्याहू ने फॉक्स बिज़नेस नेटवर्क से कहा, ‘’मुझे लगता है कि हम समझौते के करीब पहुंच रहे हैं। इसकी अधिक संभावना है कि हम समझौता कर लेंगे’’

Next Post

जबलपुर मेडिकल यूनिवर्सिटी नही होगी बंद : राकेश सिंह

Thu Jul 10 , 2025
जबलपुर: जबलपुर स्थित मेडिकल यूनिवर्सिटी को बंद करने की खबर भ्रामक और निराधार है, मेडिकल यूनिवर्सिटी बंद नहीं होगी बल्कि इसमें नई शिक्षा नीति के अनुरूप व्यवसायिक पाठ्यक्रम शामिल करने की योजना सरकार बना रही है, यह मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह द्वारा प्रदेश की […]

You May Like