
इंदौर. आने वाली फिल्म उदयपुर फाइल्स को लेकर मुस्लिम समाज में नाराजगी सामने आई है, बुधवार को शहर काजी डॉ. इशरत अली के नेतृत्व में मुस्लिम समाज के प्रतिनिधि मंडल ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर विरोध दर्ज कराया और कलेक्टर आशीष सिंह को ज्ञापन सौंपा.
यह ज्ञापन अंजुमन इस्लाहुल मुस्लेमीन जामा मस्जिद, इंदौर की ओर से प्रस्तुत किया गया. इसमें आरोप लगाया गया कि फिल्म के ट्रेलर में इस्लाम धर्म, पैगम्बर साहब और इस्लामी धार्मिक नेताओं के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं, जो करोड़ों मुसलमानों की धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाने वाली हैं. समाज का कहना है कि यह फिल्म न केवल भ्रामक और अपमानजनक सामग्री से भरी है, बल्कि देश की धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक सौहार्द के माहौल को भी प्रभावित कर सकती है. ज्ञापन में साफ तौर पर उदयपुर फाइल्स के प्रदर्शन पर तत्काल रोक लगाने और फिल्म के निर्माता, निर्देशक तथा संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है.
कलेक्टर ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
कलेक्टर आशीष सिंह ने प्रतिनिधिमंडल की बात सुनने के बाद आश्वस्त किया कि, शहरकाजी और अंजुमन इस्लाहुल मुस्लेमीन संस्था की ओर से फिल्म उदयपुर फाइल्स को लेकर ज्ञापन प्राप्त हुआ है. इसमें जिन विषयों को आपत्तिजनक बताया गया है, उसे संबंधित स्तर पर अग्रेषित किया जाएगा। मामले को नियमानुसार प्रक्रिया में लिया जाएगा. मुस्लिम समाज की ओर से शांतिपूर्ण तरीके से विरोध जताते हुए स्पष्ट किया गया कि धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, लेकिन विरोध पूरी तरह संवैधानिक और कानूनी दायरे में ही रहेगा.
