वडोदरा, 09 जुलाई (वार्ता) गुजरात में वडोदरा जिले के पादरा क्षेत्र में बुधवार को महिसागर नदी पर बने गंभीरा पुल के अचानक ढहने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 10 हो गयी और अन्य छह घायल हो गये।
पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस निरीक्षक विजय चरण ने बताया कि वडोदरा-आणंद को जोड़ने वाले गंभीरा पुल का एक हिस्सा सुबह अचानक ढह गया, जिससे वहां से गुजर रहे चार वाहन नदी में गिर गये। उन्होंने बताया कि अब तक 10 लोगों के शव नदी से बाहर निकाले गये हैं और अन्य छह लोगों को बचा लिया गया है। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पायी है।
पुलिस ने मौके पर पहुंच कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
