पल्लेकेले, 09 जुलाई (वार्ता) कुसल मेंडिस (124), कप्तान चरित असालंका(58) की शानदार बल्लेबाजी के बाद असिता फर्नांडो और दुष्मंत चमीरा की बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर श्रीलंका ने बंगलादेश को तीसरे एकदिवसीय मुकाबले में 99 रनों हरा दिया। इसी के साथ श्रीलंका ने तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली।
श्रीलंका ने मंगलवार रात खेले गये मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका ने कुसल मेंडिस 114 गेंदों में (124), कप्तान चरित असालंका (58) रनों की शानदार बल्लेबाजी के दम पर निर्धारित 50 ओवरों में सात विकेट पर 285 रनों का स्कोर खड़ा किया। पथुम निसंका (35) और जनित लियानगे ने 12 रनों का योगदान दिया। वानिंदु हसरंगा (18) और दुष्मंत चमीरा (10) रन बनाकर नाबाद रहे। बंगलादेश की ओर से तसकीन अहमद और मेहदी हसन मिराज ने दो-दो विकेट लिये। तंजिद हसन साकिब, शमीम हुसैन और तनवीर इस्लाम ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
286 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बंगलादेश की शुरुआत खराब रही और उसने 20 रन के स्कोर पर अपने दो विकेट गंवा दिये। तंजिद हसन (17) को ए फर्नांडो ने बोल्ड आउट किया। अगले ही ओवर में नजमुल शान्तो (शून्य) को चमीरा ने बोल्ड आउट कर श्रीलंका को दूसरी सफलता दिलाई। बंगलादेश का तीसरा विकेट परवेज हुसैन इमॉन (28) के रूप में गिरा। इसके बाद मो. तौहीद हृदोय और मेहदी हसन मिराज ने पारी को संभालने का प्रयास किया। दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 43 रन जोड़े।
21वें ओवर में दुनित वेल्लालगे ने मेहदी हसन मिराज (28) को आउटकर इस साझेदारी का अंत किया। इसके बाद श्रीलंकाई गेंदबाजी आक्रमण के आगे बंगलादेश का कोई भी बल्लेबाज अधिक देर तक नहीं टिक सका। शमीम हुसैन (12) और उसके बाद मो. तौहीद हृदोय (51) रन बनाकर आउट हुये। तनजीम हसन साकिब (पांच), तस्कीन अहमद (एक), तनवीर इस्लाम (आठ) रन बनाकर आउट हुये। बंगलादेश की पूरी टीम 39.4 ओवर में 186 रन पर सिमट गई। 124 रनों की शतकीय पारी खेलने तथा सीरीज में सबसे अधिक 225 रन वाले कुसल मेंडिस को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ तथा ‘प्लेयर ऑफ सीरीज’ के पुरस्कार से नवाजा गया।
श्रीलंका की ओर से असिता फर्नांडो ने सात ओवर में 33 रन देकर तीन विकेट लिये। दुष्मंत चमीरा ने आठ ओवर में 51 रन देकर तीन विकेट झटके। दुनित वेल्लालगे और वानिंदु हसरंगा ने दो-दो विकेट लिये। महीश तीक्षणा और कामिंडु मेंडिस ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
