इछावर. नगर में रोज सुबह उठते ही लोगों को एक नई चोरी की खबर सुनने को मिल रही है. ताजा मामला जब चोरों ने नगर के प्रतिष्ठित किराना स्टोर सपना किराना पर धाबा बोलते हुए लगभग 7 लाख रुपए से ज्यादा की चोरी की घटना को अंजाम दिया.
सपना किराना स्टोर के संचालक राजेंद्र गुप्ता ने बताया कि घर में गमी होने की वजह से वह जल्दी दुकान बंदकर चले गए थे सुबह अखबार बांटने आए हॉकर ने उन्हें जानकारी दी कि उनकी दुकान के ताले टूटे हुए हैं और शटर खुली हुई है. हम जल्द ही परिवार सहित दुकान पर पहुंचे तो देखा कि दुकान से कीमती सामान जैसे केसर, ड्राई फूड, सिगरेट, पान मसाला सहित दुकान में रखा डेढ़ लाख रुपए कैश चोरी हो चुका है. चोरी की सूचना हमने थाने जाकर पुलिस को दी. मौके पर पुलिस पहुंची और प्रारंभिक जांच कर लौट गई है.नगर में लगातार बढ़ रही चोरियों से नगर में दहशत का माहौल है तो पुलिस के लचर कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं. लोग पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं. लोग तो चोर और पुलिस की मिलीभगत भी बता रहे हैं.
पिछले दिनों हुई चोरी में चोरों ने सीहोर भैरूंदा जैसे चहल-पहल वाले क्षेत्र में चोरी की बड़ी घटनाओं का अंजाम दिया है. जहां तीन दिन पहले ही सीता रामा ढाबे के सामने अनिल विश्वकर्मा के ऑटो गैरेज से एक चार पहिया वाहन में टायर व ऑटो पार्ट्स चुरा कर ले गए तो वहीं कल सपना किराना की दुकान जो कि बस स्टैंड और हाईवे पर ही मौजूद है इस पर चोरों ने एक बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया.
चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले चोर पुलिस को सरेआम चुनौती देते नजर आ रहे हैं जो की हर चोरी की घटना के बाद एक ठोस सबूत छोड़कर जा रहे हैं. इस मामले में थाना प्रभारी पंकज वाडेकर से चर्चा की गई तो उनका कहना था कि नगर में पुलिस द्वारा सतत गश्त की जाती है. रात्रि में संदिग्ध नजर आने वालों को रोककर उनसे पूछताछ की जाती है. इसी तरह चोरी के मामले में भी हम लगातार इस चोर गिरोह की पकड़ में लगे है और हमें कुछ महत्वपूर्ण सुराग भी मिले हैं. पुलिस पर विश्वास बनाए रखें जल्द ही यह चोर गिरोह हमारी गिरफ्त में होगा.
