
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस अकादमी, भौंरी के परेड ग्राउंड में शुक्रवार को मध्यप्रदेश पुलिस के 43वें बैच की पासिंग आउट परेड समारोहपूर्वक आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुई। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने मुख्य अतिथि के रूप में परेड की सलामी ली।
पुलिस महानिदेशक ने 17 परिवीक्षाधीन उप पुलिस अधीक्षकों (डीएसपी) को बधाई देते हुए कहा कि वर्तमान समय में पुलिसिंग का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। साइबर अपराधों में वृद्धि को देखते हुए अधिकारियों को साइबर क्षेत्र में अपनी दक्षता निरंतर बढ़ानी होगी तथा तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के उपयोग में पारंगत होना होगा। आगामी सिंहस्थ 2028 के संदर्भ में उन्होंने सुरक्षा, साइबर और संगठित अपराध की संभावित चुनौतियों का उल्लेख करते हुए अधिकारियों से बदलते अपराध परिदृश्य के अनुरूप स्वयं को तैयार रखने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के इस दौर में कानून-व्यवस्था से जुड़ा कोई भी छोटा मामला तेजी से फैल सकता है और जनता पुलिस से त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई की अपेक्षा करती है। “सेवा काल में की गई एक छोटी सी चूक भी जीवनभर का दाग बन सकती है,” उन्होंने अनुशासन, ईमानदारी और विवेकपूर्ण निर्णय की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा। मादक पदार्थों की बढ़ती समस्या को उन्होंने गंभीर सामाजिक चुनौती बताते हुए इसके विरुद्ध सतत एवं सुनियोजित अभियान चलाने की जरूरत बताई।
अपने 37 वर्षों के अनुभव साझा करते हुए उन्होंने अधिकारियों से ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने, वर्दी पर गर्व करने तथा गरीब और जरूरतमंदों की सहायता को प्राथमिकता देने का संदेश दिया।
उप निदेशक संजय कुमार अग्रवाल ने प्रशिक्षण प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2013 में स्थापित अकादमी से यह आठवां पास आउट बैच है। वर्तमान बैच में 10 पुरुष और 7 महिला अधिकारी शामिल हैं। प्रशिक्षण में नवीन आपराधिक कानून, साइबर अपराध, फॉरेंसिक विज्ञान, नेतृत्व विकास, सॉफ्ट स्किल्स, ड्रिल और शारीरिक प्रशिक्षण शामिल रहा। सिंहस्थ 2028 की तैयारी के मद्देनजर प्रयागराज महाकुंभ की अध्ययन यात्रा भी कराई गई।
समारोह में आनंद कुमार राय ने समग्र परीक्षा में प्रथम तथा रोशनी कुर्मी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। आंतरिक परीक्षा में भी आनंद कुमार राय प्रथम और ऋषभ छारी द्वितीय रहे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में विशेष पुलिस महानिदेशक रवि कुमार गुप्ता एवं पुलिस आयुक्त संजय कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
