इंदौर:शहर के देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट पर मंगलवार को इंडिगो की एक फ्लाइट को उड़ान भरते ही तकनीकी कारणों से इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी. उड़ान भरते ही यात्रियों को हल्का झटका महसूस हुआ, जिसके बाद पायलट ने सतर्कता बरतते हुए विमान को वापस रनवे पर सुरक्षित उतार लिया. विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं.
सूत्रों के अनुसार, इंडिगो की यह फ्लाइट निर्धारित समय पर इंदौर से दिल्ली के लिए रवाना हो रही थी. टेकऑफ के कुछ क्षणों बाद ही विमान में कंपन जैसा महसूस हुआ, जिससे यात्रियों में हल्का हड़कंप मच गया. कुछ यात्रियों ने बताया कि उन्हें ऐसा लगा जैसे कोई तकनीकी समस्या आई हो. स्थिति को भांपते हुए पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क कर इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी.
अनुमति मिलने के बाद विमान को सुरक्षित रूप से रनवे पर उतार दिया. एयरलाइंस के तकनीकी दल ने तुरंत विमान की जांच शुरू की. एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, किसी यात्री को कोई चोट नहीं आई है और सभी को वैकल्पिक उड़ान से रवाना करने की व्यवस्था की जा रही है. इंडिगो प्रबंधन ने तकनीकी कारणों का हवाला देते हुए घटना की पुष्टि की है और कहा है कि यात्री सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है.
