बैतूल।भाजपा के नव नियुक्त प्रदेशाध्यक्ष और जिले के वर्तमान विधायक हेमंत खण्डेलवाल के बैतूल जिले में प्रथम आगमन पर आत्मीय स्वागत और उल्लासपूर्ण माहौल देखने को मिला। भोपाल से प्रस्थान करने के बाद उनके स्वागत के लिए रास्ते में पड़ने वाले हर नगर, कस्बे और गांव में जनसमूह उमड़ पड़ा। कार्यकर्ताओं और आमजनों ने ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और पारंपरिक तरीकों से अपने नेता का अभिनंदन किया।
बैतूल जिले की सीमा धार गांव से शुरू होते ही स्वागत का सिलसिला और भी भव्य हो गया। धार में केंद्रीय मंत्री डीडी उइके, भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पंवार, जिला मंत्री कृष्णा गायकी समेत अनेक भाजपा पदाधिकारियों ने उनका आत्मीय स्वागत कर काफिले के साथ बैतूल तक उन्हें रवाना किया।
बैतूल नगर की सीमा में प्रवेश के साथ ही माहौल उत्सव में तब्दील हो गया। जयप्रकाश चौक पर तुलादान कार्यक्रम हुआ, जिसमें कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने श्रद्धा से हिस्सा लिया। भाजपा कार्यालय तक मार्ग के दोनों ओर एक सैकड़ा से अधिक स्थानों पर सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक संस्थाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत मंच लगाए गए थे।
