वॉशिंगटन, 06 मई (वार्ता) अमेरिका के विदेश विभाग ने बुधवार को पेशावर में अपने वाणिज्यिक दूतावास को चरणबद्ध तरीके से बंद करने की घोषणा की। खैबर पख्तूनख्वा के लिए राजनयिक ज़िम्मेदारियां अब इस्लामाबाद में स्थित अमेरिकी दूतावास द्वारा संभाली जाएंगी। विदेश विभाग के अनुसार, इस फ़ैसले में अमेरिकी राजनयिक कर्मचारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गयी है और इसका उद्देश्य संसाधनों का बेहतर प्रबंधन करना है।
विभाग ने कहा, ” पेशावर में हालांकि हमारी भौतिक उपस्थिति बदल रही है, लेकिन पाकिस्तान में हमारी नीतिगत प्राथमिकताएं अटल हैं।” विभाग ने आर्थिक संबंधों, क्षेत्रीय सुरक्षा और अमेरिकी हितों को बढ़ावा देने के लिए खैबर पख्तूनख्वा के लोगों और अधिकारियों के साथ लगातार जुड़ाव बनाए रखने पर ज़ोर दिया है।
पाकिस्तान में अमेरिकी मिशन इस्लामाबाद, कराची और लाहौर में स्थित अपने कार्यालयों के माध्यम से अपना राजनयिक कार्य जारी रखेगा, और द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने के अपने प्रयासों को बनाए रखेगा।

