उफनती नर्मदा में नौकायन जारी, हादसे को न्योता

जबलपुर: विगत दिनों हुई बारिश के कारण गौरीघाट सहित सभी नर्मदा तटों पर बाढ़ जैसे हालात देखने को मिल रहे हैं। बारिश के कारण उफान पर बह रही मां नर्मदा में खतरे के बावजूद नौकायन जारी है। गौरीघाट क्षेत्र में सुरक्षा नियमों को दरकिनार कर स्थानीय नाविक यात्रियों को ले जा रहे हैं, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। गोरीघाट सहित सभी प्रमुख घाटों में प्रशासन द्वारा घाट पर निगरानी की कमी और जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते नियमों की खुलेआम अनदेखी हो रही है।
बिना लाइफ जैकेट नाव की सवारी
नर्मदा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और तेज बहाव के कारण घाट किनारे के कई हिस्से जलमग्न हो चुके हैं। इसके बावजूद घाट पर यात्रियों की भीड़ बनी हुई है। खासकर छुट्टी के दिन यहां सैर-सपाटे के लिए आने वालों की संख्या बढ़ जाती है। नाविक बिना लाइफ जैकेट और सुरक्षा मानकों के यात्रियों को नाव की सवारी करा रहे हैं। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन द्वारा यहां पर तुरंत कार्रवाई कर घाट पर चौकसी बढ़ाई जाए और उफनती नर्मदा में नौकायन पर सख्ती से रोक लगाई जाए।
कमाई के चक्कर में उठाते जोखिम
गौरीघाट क्षेत्र में पुलिस या नगर निगम की कोई स्थाई निगरानी नहीं है। नौकायन पर पाबंदी के कोई बोर्ड भी नहीं लगे हैं। ऐसी स्थिति में सैलानियों को खतरे का अंदाजा नहीं होता और वे भी उत्साह में नाव की सवारी कर लेते हैं। घाट पर पहुंचने वाले और स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल बारिश में नर्मदा का बहाव तेज होता है, लेकिन नाविक अपनी कमाई के चक्कर में जोखिम उठाते हैं। कोई बड़ा हादसा न हो, तब तक प्रशासन जागेगा नहीं।

Next Post

कैंट बोर्ड ने बढ़ाया किराया, हाईकोर्ट के आदेश की ली आड़

Sun Jul 6 , 2025
जबलपुर: कैंटोनमेंट बोर्ड ने सदर स्थित शिवाजी ग्राउंड के किराये राशि में एक बड़ा बदलाव किया है जिसके तहत खेल गतिविधियों के आयोजन को लेकर नई किराया दरें लागू कीं गईं हैं। खेल के अलावा हाईकोर्ट के आदेश पर मोहर्रम, दशहरा और दंगल आदि के आयोजनों के लिए अब आयोजकों […]

You May Like