
सीधी । जिले के अमिलिया अंचल में आज आकाशीय बिजली गिरने से एक किशोर की मौत हो गई और 6 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिहावल में भर्ती कराया गया है। आकाशीय बिजली की घटनाएं अमिलिया थाना क्षेत्र के दो गांवों में हुई । मिली जानकारी के अनुसार ग्राम अमिरती में 15 वर्षीय इष्प्रीत उर्फ छोटू पटेल पिता राजमणि पटेल उम्र 15 वर्ष खेत में काम कर रहा था। इसी दौरान उस पर आकाशीय बिजली गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। पास के खेत में धान की रोपाई कर रहीं अंजू कोल पिता राजेंद्र पटेल उम्र 18 वर्ष और कशिश पटेल पिता लोकराज पटेल उम्र 15 वर्ष भी आकाशीय बिजली की चपेट में आकर घायल हो गए । दूसरी घटना ग्राम पंचायत चमरौहा में हुई। यहां एक पेड़ पर आकाशीय बिजली गिरी। इसकी चपेट आकर घर के अंदर बैठे एक ही परिवार के तीन सदस्य और एक रिश्तेदार घायल हो गए। घायलों में नेहा पटेल, देविका पटेल, निर्मला पटेल और रिश्तेदार कहतुरिया पटेल भी झुलस गईं। अमिलिया थाना प्रभारी राकेश बैस के अनुसार सभी घटनाएं सुबह हुई। सभी घायलों का इलाज सिहावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
