
इंदौर. हीरानगर थाना क्षेत्र में ससुराल पक्ष ने 5 लाख रुपए की मांग पूरी न होने पर एक विधवा महिला से मारपीट कर उसे बेटे सहित घर से निकाल दिया. पुलिस ने दहेज प्रताड़ना, मारपीट और जान से मारने की धमकी की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
हीरानगर थाना प्रभारी पीएल शर्मा ने बताया कि रामकृष्ण बाग कॉलोनी में रहने वाले 32 वर्षीय शिवानी ने शिकायत में बताया कि शारदा नगर स्थित ससुराल पक्ष ससुर राजेन्द्र शर्मा, सास संतोष शर्मा और ननद पलक पिछले कई माह से लगातार 5 लाख रुपए की मांग कर रहे थे. पति रजत शर्मा की मृत्यु के बाद यह दबाव और बढ़ गया. शिवानी का आरोप है कि रात करीब एक बजे आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसकी पिटाई की और महज़ पहने हुए कपड़ों में बेटे समेत घर से निकाल दिया. जाते जाते यह धमकी भी दी कि पैसे जुटाए बिना वापस लौटी तो दोनों की हत्या कर दी जाएगी. पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ दहेज निषेध अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है. मामले में थाना प्रभारी का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है और मामले की विस्तृत पड़ताल के लिए पड़ोसियों व रिश्तेदारों के बयान भी लिए जा रहे हैं.
