सो रहे परिवार को जिंदा जलाने की कोशिश, पेट्रोल बम से हमला, एक झुलसा

जबलपुर। मदन महल थाना अंतर्गत स्टेशन रोड स्थित एक मकान में सो रहे परिवार को जिंदा जलाने की कोशिश की गई। रविवार तड़के अज्ञात हमलावर ने जान से मारने की नीयत से ज्वलनशील पदार्थ से भरी बोतल (पेट्रोल बम) फेंकी, जिससे घर की छत में भीषण आग लग गई। इस घटना में सो रहा एक युवक बुरी तरह झुलस गया है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने बताया कि रुद्राक्ष बान (20) ज्ञान गंगा कॉलेज से इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है, रविवार तड़के करीब 3:30 बजे वह और उसका छोटा भाई शिवांश कमरे में सो रहे थे, जबकि माँ पास ही जमीन पर सोई थीं। तभी अचानक छत पर आग लग गई। छत सीमेंट शीट और काली पन्नी से ढकी हुई थी। आग लगते ही जलती हुई पन्नी के अवशेष शिवांश के ऊपर गिरने लगे, जिससे उसके पेट, हाथ, सीना और पीठ गंभीर रूप से जल गए।

चीख-पुकार के बीच बुझाई गई आग

शिवांश के चिल्लाने पर परिवार के सदस्य बड़ी माँ मालती बान, बहन कोयल, भाई आयुष और बुआ लता तुरंत मौके पर पहुंचे। घर में कुछ मेहमान सोमतला, प्रीति, निर्मला और हेमा भी रुके हुए थे। सभी ने मिलकर तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाया, वरना कोई बड़ी जनहानि हो सकती थी। घटना में घर का कीमती सामान, कपड़े, बिस्तर और दस्तावेज जलकर खाक हो गए हैं।

कमरे में मिले कांच की बोतल के टुकड़े

आग बुझने के बाद जब परिवार ने पड़ताल की, तो छत और कमरे के भीतर हरे रंग की कांच की बोतल के अवशेष मिले। इससे साफ जाहिर होता है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने रंजिश के चलते बोतल में पेट्रोल ज्वलनशील पदार्थ भरकर, उसमें आग लगाकर घर पर फेंका था।

फ्लाईओवर से हमलावर फरार

घर के ठीक सामने से फ्लाईओवर गुजरता है, जिससे हमलावर को भागने में आसानी हुई होगी। मदन महल पुलिस ने हत्या का प्रयास, समेत अन्य धाराओं के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला कर विवेचना शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। घायल युवक का अस्पताल में उपचार जारी है।

Next Post

एएसपी आयुष गुप्ता का तबादला 

Sun May 3 , 2026
जबलपुर। कानून व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने बीती रात पुलिस विभाग में भारी फेरबदल किया है। गृह विभाग द्वारा जारी आदेश में एमपी कैडर में तैनात भारतीय पुलिस सेवा के 62 आईपीएस अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है। इस जंबो सूची में जबलपुर सिटी […]

You May Like