दीपावली अवकाश के बाद फिर शुरू हुई सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा

विशेष संवाददाता भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा बुधवार को पांच दिवसीय दीपावली अवकाश के बाद फिर शुरू हो गई। यात्रा के 18वें दिन की शुरुआत गुना जिले के राघौगढ़ से हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी दिग्विजय सिंह के साथ यात्रा में शामिल हुए।

दीपावली पर्व पर आयोजकों और यात्रियों को परिवार के साथ समय बिताने का अवसर देने के लिए 6 से 10 नवंबर तक यात्रा स्थगित रखी गई थी। यात्रा का पहला चरण 5 नवंबर को राघौगढ़ स्थित पाटई आश्रम के हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना और विशेष आरती के साथ संपन्न हुआ था। बुधवार को आश्रम में पूजा के बाद दूसरे चरण की शुरुआत की गई।

दिग्विजय सिंह के गृह नगर राघौगढ़ में यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। स्थानीय विधायक जयवर्धन सिंह ने भी लोगों से बड़ी संख्या में यात्रा में शामिल होने की अपील की थी। कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल, महेश परमार, हनी बघेल, पंकज उपाध्याय और भैरो सिंह बापू सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी पदयात्रा में हिस्सा लिया।

दिग्विजय सिंह ने यात्रा को सत्य, धार्मिक मूल्यों, स्वाभिमान, सामाजिक सद्भाव और सनातन परंपराओं के संरक्षण से जुड़ा जनआंदोलन बताया। उन्होंने कहा कि धर्म का उद्देश्य प्रेम, करुणा और मानव कल्याण होना चाहिए, न कि नफरत और विभाजन फैलाना।

उल्लेखनीय है कि विजयादशमी पर 20 अक्टूबर को उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर से शुरू हुई यात्रा पहले चरण में शाजापुर, राजगढ़ और गुना से गुजरी थी। दूसरे चरण में यह ओरछा होते हुए अयोध्या पहुंचेगी। यात्रा के दौरान धार्मिक संस्थाओं में चढ़ावे की पारदर्शिता, जवाबदेही और कथित चुनावी अनियमितताओं जैसे मुद्दे भी उठाए जा रहे हैं।

Next Post

बुधनी, देपालपुर, देवास, ग्वालियर, इंदौर, जबलपुर, रीवा, सागर और उज्जैन को मिला राष्ट्रीय सम्मान

Wed Nov 11 , 2026
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में प्रदेश के सर्वाधिक 9 शहरों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर नई दिल्ली में आयोजित अभिनंदन समारोह में प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान प्रदेश के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सफाई मित्रों और नागरिकों के सामूहिक परिश्रम का परिणाम है। […]

You May Like