सिंगरौली: सीधी-सिंगरौली मुख्य मार्ग के कचनी क्षेत्र में गैस पाइपलाइन अब हादसों को खुला निमंत्रण दे रही है। नेशनल धर्म कांटा के पास मुख्य सड़क पर लगभग 400 मीटर लंबी गैस पाइपलाइन बीते दो से तीन माह से सड़क के किनारे डिवाइडर से सटाकर रखी गई है। हैरानी की बात यह है कि इतने लंबे समय से पड़े इस जानलेवा अवरोध को हटाने या सुरक्षित करने के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का कहना है कि दिन के समय तो किसी तरह स्थिति संभल जाती है, लेकिन रात के अंधेरे में यह पाइपलाइन गंभीर खतरा बन जाती है। सड़क पर पर्याप्त संकेतक, रिफ्लेक्टर या चेतावनी बोर्ड नहीं लगाए गए हैं, जिससे तेज रफ्तार वाहनों के चालक पाइपलाइन को समय रहते देख नहीं पाते। नतीजतन आए दिन दोपहिया वाहन फिसल रहे हैं और चारपहिया वाहन पाइप से टकराकर क्षतिग्रस्त हो रहे हैं।
कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कई बार स्थानीय लोगों ने पाइपलाइन को लेकर निगम और संबंधित एजेंसी को शिकायत की, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला। पाइपलाइन बिछाने का काम अधूरा छोड़ दिया गया है और सुरक्षा मानकों को ताक पर रख दिया गया है। यह स्थिति न सिर्फ यातायात व्यवस्था को बाधित कर रही है, बल्कि किसी बड़े हादसे की आशंका भी लगातार बनी हुई है।
यदि किसी भारी वाहन का संतुलन बिगड़ा या पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई, तो जान-माल के बड़े नुकसान से इनकार नहीं किया जा सकता।कचनी मार्ग सिंगरौली का प्रमुख और व्यस्त मार्ग माना जाता है। यहां से रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं, जिनमें भारी ट्रक, बसें, चारपहिया और दोपहिया वाहन शामिल हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।
