भोपाल: राजधानी में सुभाष नगर स्थित रेलवे ओवर ब्रिज की डिज़ाइन पर अब गंभीर सवाल उठाये जा रहे हैं। बीते आठ घंटों में यहां दो दुर्घटनाएं हुईं, जिसने पुल की सुरक्षा और संरचना पर चर्चाएं शुरू हो गई है। ब्रिज एक्सपर्ट्स कह रहे हैं कि सांप जैसी टेढ़ी-मेढ़ी बनावट वाले पुल दुर्घटनाओं का मुख्य कारण बनते हैं।
हाल ही में आठ घंटे के अंदर यहां दो हादसे हो चुके हैं। पहले हादसे में एक कार डिवाइडर से टकराकर हवा में पलट गई, जबकि दूसरे में एक स्कूल वैन उसी डिवाइडर से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि इन हादसों में किसी को गंभीर चोट नहीं आई।पुल की सबसे बड़ी समस्या इसकी जटिल डिजाइन है। ड्राइवर को कुछ ही सेकंड में चार तीखे मोड़ पार करने पड़ते हैं, जिनके लिए पर्याप्त जगह नहीं है।
गलत तरीके से बनाए गए और कम ऊंचाई वाले डिवाइडर, खासकर रात में, दृश्यता की कमी के कारण और अधिक खतरनाक हो जाते हैं। ट्रैफिक की अधिकता इस समस्या को और बढ़ा देती है। एक्सपर्ट्स और स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि किसी बड़ी दुर्घटना से पहले सरकार को इस पुल की संरचना व सुरक्षा को लेकर सुधारात्मक कदम उठाने चाहिए।
