भोपाल। लाल परेड ग्राउंड में RSS का ‘शाखा संगम और स्वयंसेवक एकत्रीकरण’ कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें भोपाल विभाग के अंतर्गत आने वाले 5 जिलों से करीब 30 हजार स्वयंसेवक शामिल हुए। संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर स्वयंसेवकों ने शारीरिक कार्यक्रमों के साथ संघ गीत और घोष वादन की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले मुख्य वक्ता रहे, जबकि एम्स भोपाल के डायरेक्टर रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल नरेंद्र कोतवाल मुख्य अतिथि रहे।
दत्तात्रेय होसबाले ने समाज के हर वर्ग की संकट के समय आगे आकर मदद करने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गांव और बस्ती के विकास की जिम्मेदारी केवल शासन-प्रशासन की नहीं, बल्कि समाज के हर व्यक्ति की भी है। उन्होंने जागरूक और संगठित समाज को देश की प्रगति में महत्वपूर्ण बताया।
होसबाले ने जातिभेद और छुआछूत खत्म करने की बात कहते हुए कहा कि इसकी शुरुआत अपने घर और अपने व्यवहार से करनी होगी। साथ ही पर्यावरण संरक्षण को केवल प्रस्तावों तक सीमित न रखकर रोजमर्रा के व्यवहार में उतारने, पौधे लगाने और ऊर्जा की बचत करने पर भी जोर दिया। उन्होंने शरीर को सशक्त बनाने और बुद्धि को जागृत रखने के लिए लगातार प्रयास करने की बात कही।
