बिना परमिट और फिटनेस के चल रहे आठ स्कूली वाहन फिर पकड़ाए

इंदौर: शहर में स्कूली बच्चों की जान से खिलवाड़ अब भी नहीं थम रहा है. परिवहन विभाग की रोजाना कार्रवाई और सख्त हिदायतों के बावजूद स्कूल वैन और ऑटो चालक नियमों को धता बता रहे हैं. दो दिनों से रोजाना सुबह परिवहन विभाग विजयनगर से मांगलिया क्षेत्र के बीच विशेष चेकिंग अभियान चलाकर आठ ऐसे वाहन जब्त किए, जो न सिर्फ बिना परमिट और फिटनेस के चल रहे थे, बल्कि क्षमता से कई गुना ज्यादा बच्चों को बैठाकर दौड़ाए जा रहे थे.

कलेक्टर आशीष सिंह के निर्देश पर आरटीओ प्रदीप शर्मा के मार्गदर्शन में परिवहन निरीक्षक जितेंद्र गुर्जर की अगुवाई में जांच अभियान चलाया जा रहा हैं, इस टीम ने 40 से अधिक स्कूल वाहनों की जांच की, जिसमें कई खामियां सामने आईं. कुछ निजी वैन और टाटा मैजिक वाहनों में बिना परमिट व फिटनेस के बच्चों को ठूंस-ठूंस कर बैठाया जा रहा था, वहीं कुछ ऑटो रिक्शा बिना बीमा और फिटनेस के सड़कों पर फर्राटा भरते मिले.

जांच में यह भी सामने आया कि कुछ वाहन ऐसे थे जो यात्रियों को ले जाने के लिए पंजीकृत थे, लेकिन उनका उपयोग स्कूली बच्चों के परिवहन के लिए किया जा रहा था. यह न सिर्फ नियमों का उल्लंघन है, बल्कि बच्चों की सुरक्षा के लिहाज से गंभीर लापरवाही भी. मामले में आरटीओ प्रदीप शर्मा ने बताया कि मंगलवार को भी ऐसे ही अभियान के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में साठ से ज्यादा वाहनों की जांच की गई थी, जिनमें से दस को नियमों के उल्लंघन पर जब्त किया था. इनमें वैन, ऑटो, इंको और मैजिक जैसे वाहन शामिल थे.
पालकों से अपील:
आरटीओ प्रदीप शर्मा का कहना है कि परिवहन विभाग एक बार फिर पालकों से अपील करता है कि वे अपने बच्चों को सिर्फ उन्हीं स्कूल वाहनों से भेजें, जो सभी सुरक्षा मापदंडों और यातायात नियमों का पालन करते हों. ओवरलोडिंग और अवैध संचालन से बच्चों की जान को खतरा है, जिसकी जिम्मेदारी केवल वाहन चालक की ही नहीं, बल्कि स्कूल और पालकों की भी बनती है

Next Post

जानलेवा महाजाम: पखवाड़े भर में पांच मरीजों की गई जान

Fri Jul 4 , 2025
इंदौर: इंदौर-देवास बायपास पर लग रहा महाजाम अब लोगों की जान का दुश्मन बनता जा रहा है. बीते पखवाड़े में जाम की वजह से इलाज में हुई देरी के कारण अब तक पांच मरीजों की मौत हो चुकी है. बुधवार को दो और लोगों ने समय पर अस्पताल न पहुंच […]

You May Like