नयी दिल्ली, 03 जुलाई (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को कहा कि पेड़ सिर्फ पर्यावरण को स्वच्छ बनाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए शुद्ध वायु प्रदान करने वाले जीवंत संरक्षक हैं।
श्रीमती गुप्ता ने आज पीबीजी ग्राउंड, दिल्ली रिज से वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने दिल्ली के नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों, मोहल्लों, स्कूलों, कार्यालयों और सामुदायिक स्थलों पर अधिक से अधिक पेड़ लगाएं। मुख्यमंत्री के अनुसार दिल्ली का पर्यावरण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है,बल्कि हर नागरिक की साझी जवाबदेही है।
उन्होंने कहा,“ मैंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की भावना को आत्मसात करते हुए अपनी माताजी के नाम पर एक पौधा लगाया। ‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’ अभियान जैसे कार्यक्रमों में पिछली सरकारों ने न तो कभी भागीदारी दिखाई और न ही कभी दिल्ली के पर्यावरण की चिंता की। उन्होंने वृक्षारोपण जैसे महत्वपूर्ण अभियान को लंबे समय तक उपेक्षित रखा लेकिन मुझे संतोष है कि वर्ष 2025 में दिल्ली सरकार द्वारा आयोजित यह वन महोत्सव हर नागरिक की भागीदारी को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है।”
उन्होंने कहा,“ पेड़ सिर्फ पर्यावरण को स्वच्छ बनाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए शुद्ध वायु प्रदान करने वाले जीवंत संरक्षक हैं। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए दिल्ली सरकार ने इस वर्ष 70 लाख से अधिक पौधे लगाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किया है।” उन्होंने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे इस जन-अभियान में सरकार के साथ जुड़ें और पेड़ों को अपनी सामूहिक ज़िम्मेदारी मानें।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि दिल्ली का पर्यावरण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर नागरिक की साझी जवाबदेही है। अगर हर व्यक्ति प्रतिवर्ष कम से कम एक पेड़ लगाए और उसकी देखरेख भी करे, तो निकट भविष्य में दिल्ली को फिर से हरियाली और स्वच्छता की दिशा में अग्रसर किया जा सकता है।

