
छतरपुर। गुरुवार- शुक्रवार की रात छात्रों ने NEET पेपर लीक मामले और दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में हस्ताक्षर अभियान शुरू किया। शहर के कॉलेज चौराहे पर विभिन्न छात्र संगठनों और युवाओं ने एकत्र होकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
अभियान का नेतृत्व कर रहे सत्येंद्र शर्मा ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। जिलेभर के हजारों छात्र-छात्राओं से हस्ताक्षर करवाकर एक मांग पत्र तैयार किया जाएगा, जिसे राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को भेजा जाएगा।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और प्रभावित छात्रों को न्याय दिलाने की मांग की।
अभियान के पहले दिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने बैनर पर हस्ताक्षर कर अपना समर्थन जताया। आयोजकों के अनुसार, आने वाले दिनों में अभियान को जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों तक विस्तार दिया जाएगा।
