नयी दिल्ली, 01 मई (वार्ता) केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने रिश्वतखोरी के एक मामले में केंद्र सरकार स्वास्थ्य योजना (सीजीएचएस) मेरठ (उत्तर प्रदेश), की अपर निदेशक नताशा वर्मा और उनके निजी सहायक (पीए) सन्नी को गिरफ्तार कर लिया है। सीबीआई ने शुक्रवार को बताया कि सुश्री वर्मा के निजी सहायक सन्नी के खिलाफ गुरुवार को मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि उसने एक सीजीएचएस कर्मचारी के मुरादाबाद से मेरठ में तबादले के एवज में स्वास्थ्य भवन, सीजीएचएस, मेरठ के अधिकारियों की ओर से 80,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी।
मामले की जानकारी मिलने के बाद सीबीआई ने जाल बिछाया, जिसके दौरान निजी सहायक और अपर निदेशक, दोनों आरोपी कथित तौर पर शिकायतकर्ता से 50,000 रुपये स्वीकार करने के लिए सहमत हो गये। निजी सहायक को अपर निदेशक की ओर से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

