
ब्यावरा। स्थानीय सुठालिया बायपास पर जगह-जगह मिनी तालाब सा नजारा दिखाई देता है. आमजन को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. आये दिन यहां पर दुपहिया वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त हो रहे है. जबकि इस समस्या के लिए पूर्व में आंदोलन हो चुके है, बावजूद इसके आज भी समस्या जस की तस है.
गौरतलब है कि सुठालिया बायपास पर नाली नहीं होने के साथ ही पानी निकासी के उचित प्रबंध नहीं है. जिसके कारण मुख्य मार्ग सहित रहवासी क्षेत्र में पानी जमा रहता है. सडक़ पर जगह-जगह काफी पानी भरा रहता है. इससे फिसलन हो रही है. आये दिन दुपहिया वाहन चालक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे है.
समस्या गंभीर फिर भी अनदेखी
सुठालिया बायपास से हर दिन सैकड़ो की संख्या में यात्री व अन्य वाहनों की आवाजाही होती है. कई स्कूल इस मार्ग पर है, छोटे-छोटे बच्चे स्कूल आते-जाते है. बैंक व अन्य महत्वपूर्ण कार्यालय भी इस मार्ग पर है. कृषि मंडी, थोक सब्जी मंडी के लिए भी इसी रास्ते से होकर आना-जाना पड़ता है. मार्ग पर पानी भरा होने की समस्या से आमजन को कितनी परेशानी का सामना करना पड़ता है इसका अंदाजा रोड की हालत देखकर लगाया जा सकता है. नागरिकों का कहना है कि इस गंभीर समस्या की लम्बे समय से अनदेखी हो रही है. इस समस्या को लेकर पूर्व में आंदोलन भी किए गये उस दौरान समस्या का जल्द निराकरण किए जाने का भरोसा दिया गया परन्तु आज भी हालात पूर्व की तरह है. रोड पर हर समय पानी जमा रहता है. पानी के कारण करोड़ो की लागत से बना सीसी रोड भी उखडक़र क्षतिग्रस्त हो रहा है.
