सेंधवा: म.प्र. से महाराष्ट्र को सीधे जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग क्रं. 3 कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो चुका है. इस फोरलेन सड़क के महाराष्ट्र से मप्र के प्रवेश द्वार बिजासन से खलघाट वाला हिस्सा विशेष रूप से बिजासन से सेंधवा वाले हिस्से में मार्ग अनेक स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो चुका है. साईड शोल्डर भी कई जगह भरे हुए नहीं है. साथ ही मीडियन से पौधारोपण भी गायब है. इस मामले को लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय को शिकायत प्रेषित की गई है.
सामाजिक कार्यकर्ता एवं अधिवक्ता बी.एल.जैन ने इस समस्या को लेकर प्रधान मंत्री कार्यालय को ई-मेल से शिकायत प्रेषित करते हुए उन्हें अवगत कराया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग क्रं. 3 के इंदौर से मुम्बई वाले हिस्से में महाराष्ट्र की सीमा से मप्र के बिजासन से खलघाट वाले हिस्से में मार्ग अनेक स्थानों से क्षतिग्रस्त हो चुका है. विशेष रूप से बिजासन से सेंधवा तक के हिस्से के मार्ग में अनेक स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे हो चुके हैं.
साथ ही पटरी के साईड के शोल्डर भी नहीं भरी होने के कारण भारी आवागमन के कारण दुर्घटनाओं की आशंका हमेशा बनी रहती है. इसी तरह अनुबंध की शर्तो के मुताबिक कंसेष्नायर को फोरलेन सड़क के मध्य मीडियन में पौधारोपण करते हुए उसका नियमित रखरखाव करना चाहिये ताकि रात्रि के समय आवागमन मे वाहनों के लाईट के कारण वाहन चालकों को परेशानी नहीं हो लेकिन वर्तमान में हालात ये है कि सैकड़ों मीटर लंबे मीडियन में पौधारोपण ही नहीं है. लेकिन कंसेष्नायर द्वारा इसका मरम्मत कार्य प्रारम्भ नहीं करवाया जा रहा है ना ही साईड शोल्डर भरे जा रहे है.
