
इंदौर. मगरखेड़ा इलाके में जमीन विवाद को लेकर भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी पर दीवार तोड़ने और कब्जे की कोशिश का आरोप लगा है. कॉलोनाइजर ने शिकायत के साथ सीसीटीवी फुटेज भी सौंपा है. पुलिस जांच के बाद एफआईआर की बात कह रही है.
मगरखेड़ा क्षेत्र में कॉलोनाइजर नवीन लोधा की जमीन पर कथित रूप से दीवार तोड़ने और कब्जा करने के मामले में नया मोड़ आ गया है. सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद अब पुलिस पर दबाव बढ़ गया है कि वह मामले में एफआईआर दर्ज करे. कॉलोनाइजर नवीन लोधा ने आरोप लगाया है कि भाजपा युवा मोर्चा के कोषाध्यक्ष सागर तिवारी उनकी कॉलोनी “प्रणाम परिसर” की वैध भूमि पर जबरन कब्जा करना चाहता है. इसी क्रम में दीवार तोड़ने की घटना हुई, जिसकी फुटेज उन्होंने पुलिस और प्रशासन को सौंपी है. लोधा ने इस संबंध में पुलिस कमिश्नर से शिकायत कर सागर तिवारी पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने यह मामला सीएम हेल्पलाइन पर भी दर्ज कराया है. वहीं, बाणगंगा पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, थाना प्रभारी सियाराम गुर्जर ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की पुष्टि और दोनों पक्षों के बयान लेने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. सागर तिवारी को बयान के लिए थाने बुलाया था, लेकिन वे उपस्थित नहीं हुए. जल्द ही दोबारा नोटिस भेजा जाएगा. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस जांच में किसी भी पहलू को नजरअंदाज नहीं कर रही है.