लखनऊ कोचिंग अग्निकांड में 15 की मौत, 9 घायल

लखनऊ, 22 जून ( वार्ता) उत्तर प्रदेश में लखनऊ के अलीगंज स्थित एक कोचिंग सेंटर में सोमवार दोपहर लगी भीषण आग में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य घायल हुए हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने इसकी जानकारी दी है।

योगी ने लखनऊ अग्निकांड में मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की है। साथ ही घायलों को 50-50 हजार रुपये की मदद का ऐलान किया गया है।

लखनऊ अग्निकांड में सीएम योगी ने केजीएमयू में पीड़ितों के परिजनों से बात की। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि एक भी जिम्मेदार अधिकारियों को बख्शेंगे नहीं। पीड़ित परिजनों से सीएम ने कहा कि हर एक जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करेंगे।

मुख्यमंत्री ने एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा है कि “ लखनऊ में अग्नि दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया एवं किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय पहुंचकर इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में घायल हुए लोगों एवं उनके परिजनों से भेंट कर उनका कुशल-क्षेम जाना व चिकित्सकों से घायलों के उपचार के संबंध में जानकारी प्राप्त की।”

उन्होंने कहा है कि सभी घायलों का समुचित उपचार कुशल चिकित्सकों के नेतृत्व में शीर्ष प्राथमिकता पर किया जा रहा है। इस हृदय विदारक दुर्घटना में अपनों को खोने वाले परिवारों का दुःख शब्दों में व्यक्त नहीं हो सकता। सरकार सभी पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है।

उन्होंने कहा है कि प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।

इससे पहले दमकल विभाग और एनडीआरएफ की टीमों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सभी घायलों को केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर और लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख जताते हुए घायलों के समुचित इलाज और मृतकों के परिजनों को हर संभव मदद के निर्देश दिए हैं। बसपा प्रमुख मायावती और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी हादसे को अति-दुखद बताया है और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पुलिस के मुताबिक, आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए फोरेंसिक टीम और विद्युत सुरक्षा विभाग की संयुक्त जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। कोचिंग संचालक से भी पूछताछ की जा रही है।

वहीं अग्निकांड को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। जानकारी के मुताबिक जिस बिल्डिंग में आज आग लगी उस बिल्डिंग का मानचित्र पास था लेकिन निर्माण उसके विपरीत किया गया था। एलडीए ने इस मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद बचाव का कोई रास्ता नहीं बचा था। सूचना के करीब आधे घंटे बाद तक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर नहीं पहुंच सकी थीं। इस दौरान धुएं और लपटों के बीच छात्र जान बचाने के लिए छत और खिड़कियों से कूदने लगे। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

 

Next Post

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछड़े और अतिपिछड़े समाज को सम्मान और अधिकार मिल रहा है : सम्राट चौधरी

Mon Jun 22 , 2026
पटना, 22 जून (वार्ता) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछड़े और अतिपिछड़े समाज को सम्मान और अधिकार मिल रहा है।मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने आज यहां आयोजित अतिपिछड़ा वर्ग अभिनन्दन सह आभार समारोह कार्यक्रम को संबोधित करते हुये कहा कि […]

You May Like