
गुरदासपुर, 03 नवंबर (वार्ता) केंद्रीय राज्य मंत्री एवं हरियाणा भाजपा के पूर्व अध्यक्ष कृष्णपाल गुर्जर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल अराजकता के जरिए देश की सत्ता बदलना चाहते हैं, जबकि भारत में सत्ता परिवर्तन हमेशा जनता के जनादेश से हुआ है।
श्री गुर्जर मंगलवार को गुरदासपुर में पंजाब भाजपा की ओर से आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत के 79 वर्षों के इतिहास में सत्ता परिवर्तन कभी अराजकता के माध्यम से नहीं हुआ। देश की जनता कांग्रेस की इस कथित कोशिश को स्वीकार नहीं करेगी।
पदयात्रा शहर के पुराने बस अड्डे से शुरू होकर हनुमान चौक पर संपन्न हुई। इसमें अमृतसर, तरनतारन, गुरदासपुर और पठानकोट जिलों से बड़ी संख्या में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इस मौके पर पार्टी के प्रदेश महासचिव जीवन गर्ग और रजनीश धीमान, पंजाब विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष दिनेश बाबू, प्रदेश महासचिव राजेश बाघा सहित कई नेता मौजूद रहे।
श्री गुर्जर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में कई बार संविधान और लोकतंत्र पर प्रहार किए गए। उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनके परिवार के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि किसी पार्टी के नेताओं की भाषा उसके राजनीतिक चरित्र को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि संविधान सत्ता परिवर्तन के लिए चुनाव का रास्ता देता है, न कि सड़कों पर भीड़ जुटाकर सरकार बदलने का। इस अवसर पर पंजाब भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि जब भी लोकतंत्र और संविधान पर हमला होगा, भाजपा सड़कों पर उतरकर इसका विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि देशभर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ यात्राएं कांग्रेस की कथित अराजक राजनीति के खिलाफ जनजागरण अभियान का हिस्सा हैं।
श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर एक मजबूत शक्ति के रूप में उभर रहा है, लेकिन राहुल गांधी देश की प्रगति नहीं देखना चाहते। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और उनके सहयोगी ‘वोट चोरी’ के नारे लगा रहे हैं, जबकि उनके अनुसार वोटों की चोरी का इतिहास नेहरू-गांधी परिवार से जुड़ा रहा है।
