ओलंपियन प्रणति नायक करेंगी जिम्नास्टिक टीम की अगुआई

नयी दिल्ली, 05 जुलाई (वार्ता) भारत ने 23 जुलाई से 2 अगस्त तक स्कॉटलैंड के ग्लासगो में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए आठ सदस्यीय आर्टिस्टिक जिमनास्टिक टीम की घोषणा कर दी है। टीम की अगुआई ओलंपियन प्रणति नायक करेंगी। 31 वर्षीय प्रणति नायक, जो एशियाई चैंपियनशिप में वॉल्ट स्पर्धा में तीन पदक जीत चुकी हैं, लगातार चौथी बार कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा लेंगी। खास बात यह है कि उन्होंने 2014 में ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों से ही इस बहु-खेल प्रतियोगिता में अपना पदार्पण किया था। महिला टीम में उभरती हुई जिमनास्ट प्रोतिष्ठा सामंता को भी शामिल किया गया है। वहीं, पुरुष टीम में योगेश्वर सिंह जगह बनाने में सफल रहे हैं, जो लगातार तीसरी बार कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। भारत की कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 जिमनास्टिक टीम महिला: प्रणति नायक, निश्का अग्रवाल, इशिता रेवाले, प्रोतिष्ठा सामंत पुरुष: तपन मोहंती, तपेश्वरनाथ दास, स्वातिश केपी, योगेश्वर सिंह कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की तैयारियों के तहत भारतीय आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स टीम लंदन में तीन सप्ताह के प्रशिक्षण शिविर के बाद 20 जुलाई को ग्लासगो के लिए रवाना होगी।

इस वर्ष एफआईजी वर्ल्ड चैलेंज कप के ताशकंद स्टेज में वॉल्ट स्पर्धा का रजत पदक जीतने वाली प्रणति नायक फिलहाल ओडिशा में महिला कोच अशोक कुमार मिश्रा के नेतृत्व में प्रशिक्षण ले रही हैं। वह वहीं से सीधे स्कॉटलैंड में टीम से जुड़ेंगी। ग्लासगो में भारतीय पुरुष टीम के कोच की जिम्मेदारी राकेश पात्रा संभालेंगे, जबकि महिला टीम के साथ पायल भट्टाचार्जी और अशोक कुमार मिश्रा को कोच नियुक्त किया गया है। अब तक राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय जिम्नास्टों ने कुल तीन पदक जीते हैं, जिनमें एक रजत और दो कांस्य पदक शामिल हैं। आशीष कुमार ने 2010 कॉमनवेल्थ गेम्स में फ्लोर एक्सरसाइज में रजत और वॉल्ट स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था। वहीं, पिछले वर्ष संन्यास लेने वाली दीपा कर्माकर ने 2014 कॉमनवेल्थ गेम्स में महिला वॉल्ट स्पर्धा का कांस्य पदक अपने नाम किया था।

Next Post

पुर्तगाल बनाम स्पेन : रोनाल्डो और लैमिन यमल आमने-सामने

Sun Jul 5 , 2026
डलास, 05 जुलाई (वार्ता) क्रिस्टियानो रोनाल्डो की पुर्तगाल टीम, फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ़ 16 में लैमिन यमल की स्पेन टीम के खिलाफ़ एक रोमांचक ‘आइबेरियन डर्बी’ में भिड़ेगी। यह मैच डलास स्टेडियम में मंगलवार तड़के खेला जाएगा। पुर्तगाल की फुटबॉल टीम अब तक टूर्नामेंट में अजेय रही […]

You May Like