
छिंदवाड़ा। अमरवाड़ा क्षेत्र के केकड़ा गांव की रहने वाली 21 वर्षीय नवविवाहिता अंकिता पति आकाश चंद्रवंशी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अंकिता की शादी करीब चार माह पहले सांवरी चैकी क्षेत्र के पटनिया गांव निवासी आकाश चंद्रवंशी से हुई थी। बताया जा रहा है कि गुरुवार देर रात उसने कीटनाशक का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में उसे छिंदवाड़ा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान तड़के करीब 3 बजे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर तहसीलदार एवं देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए चार चिकित्सकों की टीम द्वारा मृतिका का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
इधर मृतिका के मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शादी के कुछ दिन बाद से ही अंकिता को पति और ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ित किया जाने लगा था। उसे मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाता था। कई बार उसके साथ मारपीट भी की गई। अंकिता ने तीन-चार बार अपने माता-पिता और अन्य परिजनों को इसकी जानकारी दी थी। उस समय परिजनों ने उसे समझाते हुए कहा था कि समय के साथ सब कुछ ठीक हो जाएगा, लेकिन प्रताड़ना लगातार बढ़ती गई। मृतिका के माता-पिता का आरोप है कि लगातार हो रही प्रताड़ना से परेशान होकर उनकी बेटी यह कदम उठाने के लिए मजबूर हुई। उनका कहना है कि अस्पताल में भर्ती कराने के बाद ही उन्हें सूचना दी गई। जब तक वे अस्पताल पहुंचे, तब तक अंकिता की मौत हो चुकी थी। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि पोस्टमार्टम के दौरान मृतका का पति अस्पताल से गायब रहा, जिससे उन्हें संदेह और गहरा हो गया। फिलहाल देहात थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल रिपोर्ट और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में प्रताड़ना, आत्महत्या के लिए उकसाने अथवा हत्या जैसे आरोपों की पुष्टि होती है तो संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
