भोपाल: राजधानी भोपाल के मालीखेड़ी इलाके में सोमवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक ही परिवार के चार लोगों के शव किराए के मकान में मिले, जबकि परिवार के मुखिया नरेंद्र साहू का शव रेलवे ट्रैक पर मिला। मृतकों में नरेंद्र की मां सरस्वती साहू (50), पत्नी सोमलता साहू (29), बेटी कृति साहू (10) और बेटा खुश साहू (6) शामिल हैं। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि नरेंद्र ने पहले अपने परिवार के चारों सदस्यों की हत्या की और इसके बाद ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली।
मामला मालीखेड़ी स्थित पीएमएवाय एलआईजी कॉलोनी के एलआईजी B4 मकान का है। नरेंद्र अपने परिवार के साथ यहां किराए से रहता था। सोमवार सुबह नरेंद्र का शव सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र के चोपड़ा कलां स्थित रेलवे ट्रैक पर मिला। इसकी जानकारी मिलने पर परिवार का एक रिश्तेदार मालीखेड़ी स्थित घर पहुंचा। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने और फोन पर किसी से संपर्क नहीं होने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर घर में प्रवेश किया तो अंदर चार लोगों के शव मिले। सभी के सिर और गले पर चोट के निशान थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दो शव बेड पर मिले हैं।
CCTV में घर से निकलता दिखा नरेंद्र
एसीपी निशातपुरा शशांक जैन के मुताबिक, पुलिस को नरेंद्र के घर से निकलने का सीसीटीवी फुटेज मिला है। इसमें वह सोमवार सुबह करीब 7:30 से 8 बजे के बीच घर से बाहर जाता दिखाई दे रहा है। आशंका है कि वारदात सुबह के समय हुई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।
कर्ज और आर्थिक तंगी का एंगल
डीसीपी आदर्श कांत शुक्ला के मुताबिक, शुरुआती जांच में नरेंद्र पर कर्ज का दबाव और मानसिक तनाव होने की बात सामने आई है। परिवार का एक छोटा रेस्टोरेंट था, जो कुछ समय पहले बंद हो गया था। बताया जा रहा है कि नरेंद्र पिछले 15 से 20 दिनों से कोई काम भी नहीं कर रहा था। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आर्थिक परेशानी का इस घटना से कोई संबंध था या नहीं।
पड़ोसियों ने बताया- परिवार में नहीं था कोई विवाद
पड़ोसियों के मुताबिक, परिवार सामान्य रूप से रहता था। नरेंद्र अपने बच्चों और परिवार से बहुत प्यार करता था। पड़ोसियों या परिवार में किसी तरह के विवाद की जानकारी भी सामने नहीं आई थी। घटना की खबर फैलते ही कॉलोनी में लोगों की भीड़ जुट गई। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
