
भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोमवार को भाजपा सरकार पर शासन व्यवस्था, सार्वजनिक सुरक्षा और रोजगार के मोर्चे पर गंभीर विफलताओं का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला। मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक की उपस्थिति में पत्रकारों से चर्चा करते हुए पटवारी ने कहा कि माघ मेले में शंकराचार्य को स्नान से रोके जाने और उनके अनुयायियों पर लाठीचार्ज की घटना ने सनातन धर्म को लेकर भाजपा के “दोहरे मापदंड” उजागर कर दिए हैं।
उन्होंने राहुल गांधी के हालिया इंदौर दौरे का हवाला देते हुए कहा कि प्रदेश में हवा, पानी ही नहीं, बल्कि दवाइयाँ तक प्रदूषित हो चुकी हैं। पटवारी ने आरोप लगाया कि छिंदवाड़ा कफ सिरप कांड में बच्चों की मौत और इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों के बाद हटाए गए अधिकारियों को बाद में अहम पदों पर नियुक्त किया गया।
पटवारी ने युवाओं द्वारा एमपीपीएससी भर्ती की मांग को दबाने, निवेश के दावों के बावजूद बढ़ते कर्ज, महिला सुरक्षा की बिगड़ती स्थिति, गौ हत्या की घटनाओं और बढ़ते नशे के कारोबार को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस रोजगार, पारदर्शिता और जनसुरक्षा के मुद्दों पर प्रदेशव्यापी आंदोलन तेज करेगी।
