
नीमच। मंगलवार रात 12 बजे से नीमच जिले के सिंगोली क्षेत्र में भारी बारिश जारी है। बारिश ने पूरे क्षेत्र को प्रभावित किया है। निचली बस्तियों में पानी भर गया है। सिंगोली-नीमच मार्ग पर यातायात पूरी तरह रुक गया है। क्षेत्र की सभी नदियां और नाले उफान पर हैं। सिंगोली नगर की प्रमुख ब्राह्मणी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। शहर की चारों दिशाओं से आने-जाने वाले रास्ते जलभराव के कारण बंद हैं। रतनगढ़ क्षेत्र की गुंजाली नदी भी उफान पर है।
नगर परिषद रतनगढ़ की सफाई व्यवस्था की कमियां सामने आई हैं। शहर के मुख्य चौराहों और गलियों में जलजमाव हो गया है। सडक़ों पर पानी भरने से वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सिंगोली, रतनगढ़ और आस-पास के क्षेत्रों में करीब डेढ़ से दो घंटे तक बिजली गुल रही। मोरवन डैम का जलस्तर बढक़र 34 फीट हो गया है। मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों तक इसी तरह की स्थिति बने रहने की संभावना जताई है। रतनगढ़ के वार्ड क्रमांक 2 में घरों में पानी घुसने के बाद स्थानीय लोगों ने विरोध किया। इसके बाद नगर परिषद के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और बारिश में भी पानी निकासी का काम कर रहे हैं।
