
किराए से फ्लैट देने वाले मकान मालिक पर केस
अवधपुरी पुलिस ने पकड़ा था 5 सदस्यीय गिरोह
भोपाल, 1 फरवरी. अवधपुरी पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए 5 शातिर जालसाजों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है. इस दौरान आरोपियों को फर्जी सिमकार्ड बेचने वाले दुकानदार के भी गिरफ्तार कर लिया गया है. इसके साथ ही जालसाजों को किराए से फ्लैट देने वाले मकान मालिक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. मकान मालिक ने किराएदारों की जानकारी पुलिस को नहीं दी थी. जानकारी के अनुसार अवधपुरी पुलिस ने रीगल टाउन स्थित एक फ्लैट से पांच आरोपियों यश सलूजा, प्रियांश सिंह, मयंक ठाकुर, अविनाश पाण्डे और सहजप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया था. यह सभी जूम कार ऐप की मदद से लोगों के साथ ठगी कर रहे थे. आरोपियों के पास से बीएमडब्ल्यू और एसयूवी समेत तीन कारें, 48 मोबाइल फोन, 92 सिमकार्ड, 37 एटीएम कार्ड और नोट गिनने की मशीन समेत करीब 4 करोड़ रुपये कीमत का माल बरामद किया था. पूछताछ के दौरान पता चला कि आरोपी घोड़ा नक्कास स्थित एक दुकान से मोबाइल के सिमकार्ड खरीदते थे, जिनका उपयोग ठगी के लिए किया जाता था. आरोपियों के पास से बरामद हुई लग्जरी कारें यश सलूजा ने खुद खरीदना बताया था, लेकिन किसी भी कार का रजिस्ट्रेशन उसके नाम पर नहीं मिला है. पुलिस कारों के असली मालिकों की तलाश कर रही हैं. दुकानदार चढ़ा पुलिस के हत्थे पुलिस ने घोड़ा नक्कास पर मोबाइल सिम बेचने वाले विनोद कुमार प्रजापति (34) को गिरफ्तार कर लिया है. उसके पास से करीब दो दर्जन फर्जी सिमकार्ड बरामद हुए हैं. दरअसल आरोपी ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले लोगों को सिम बेचता था. इस दौरान वह ग्राहकों को दस्तावेजों पर दो बार फिंगर प्रिंट लेकर एक साथ कई सिम एक्टीवेट कर लेता था. एक सिम वह ग्राहक को देता और बाकी सिमें अपने पास रख लेता था. बाद में यह सिमें जालसाज गिरोह को 600 से 700 रुपए में बेच देता था. आरोपी पल्लवी नगर का रहने वाला है. फिलहाल वह सुभाष कालोनी अशोका गार्डन में किराए से रह रहा था. मकान मालिक पर केस दर्ज पुलिस आयुक्त ने भोपाल जिले के रहवासियों को निर्देश दिए थे कि वह अपने यहां किराए से रहने वालों की जानकारी स्थानीय पुलिस को दें, लेकिन रीगल टाउन स्थित फ्लैट को किराए पर देने वाले आशुतोष गुप्ता ने किराएदारों की जानकारी नहीं दी थी. इस पर पुलिस ने जालसाजों की गिरफ्तारी के बाद उनके मालिक मालिक आशुतोष गुप्ता के खिलाफ शासकीय आदेश के उल्लंघन का मामला दर्ज किया है. आशुतोष एक निजी कालेज में प्रोफेसर हैं. इधर गिरफ्तार आरोपियों को 4 फरवरी तक रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है. इस दौरान कई अन्य मामलों का खुलासा होने की उम्मीद है.
