भोपाल: मध्यप्रदेश सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए मंगलवार देर रात चार वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों की नई पदस्थापनाएं की हैं। इसके तहत राजस्व मंडल के सदस्य संजीव कुमार झा को मध्यप्रदेश का नया मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। वे इस पद पर सुखवीर सिंह का स्थान लेंगे, जिन्हें अब लोक निर्माण विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है। सुखवीर सिंह पहले भी इस विभाग में प्रमुख सचिव रह चुके हैं।
वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अनिल सुचारी को सागर संभाग का नया कमिश्नर नियुक्त किया गया है। यह पद 30 जून को खाली हुआ था। सुचारी इससे पहले सामान्य प्रशासन विभाग में सचिव के पद पर कार्यरत थे। वहीं, सुखवीर सिंह के नए पदभार ग्रहण करने के बाद ऊर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई को लोक निर्माण विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।
इसके अतिरिक्त, रघुराज एमआर को श्रम विभाग का सचिव बनाया गया है। वे वर्तमान में तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार विभाग के सचिव हैं। साथ ही, मप्र मानव अधिकार आयोग के प्रमुख सचिव मुकेश चंद्र गुप्ता को राजस्व मंडल सदस्य का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। खनिज साधन विभाग के प्रमुख सचिव उमाकांत उमराव को श्रम विभाग की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है, जो अब रघुराज एमआर संभालेंगे। हालांकि उमाकांत उमराव के पास पशुपालन और डेयरी विकास विभाग का अतिरिक्त प्रभार पहले की तरह बना रहेगा।
