
उज्जैन। मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम द्वारा संचालित की जाने वाली होटल शिप्रा रेजिडेंसी में लिपिक द्वारा 3 साल में 52 लाख की हेरा फेरी कर बड़ा गबन कर दिया। प्रबंधक की शिकायत पर पुलिस में धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है।
नीलगंगा थाना प्रभारी तरुण कुरील ने बताया कि विक्रम विश्वविद्यालय मार्ग पर मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम द्वारा होटल शिप्रा रेजिडेंसी संचालित की जाती है। वर्ष 2019 से 2022 तक होटल में लिपिक का काम करने वाले गौरव यादव ने प्रतिदिन आय और व्यय की जानकारी में हेरा फेरी करते हुए 52 लाख का गबन कर लिया। वर्ष 2022 में ही लिपिक गौरव यादव नौकरी छोडक़र चला गया। होटल प्रबंधन द्वारा जांच की गई तो उसमें गड़बड़ी होना सामने आई मिलान करने पर 52 लाख 10 हजार की गड़बड़ी सामने आई। काम छोडक़र जा चुके लिपिक से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन वह लापता होना सामने आया। मामले की शिकायत प्रबंधक बिम्बसार सिंगादिया ने शिकायती आवेदन देकर पुलिस को मामले में प्रकरण दर्ज करने की बात कही। जांच के बाद गौरव यादव के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा में प्रकरण दर्ज किया गया है। जिसकी तलाश शुरू की गई है जल्द ही गिरफ्तार कर हेरा फेरी का गबन की गई राशि बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।
