भोपाल। मध्यप्रदेश में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के कई जिलों में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। कई जगहों पर नदी-नाले उफान पर हैं, जबकि निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश का अनुमान जताया है। साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
गुना, अशोकनगर, विदिशा, सागर और छतरपुर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में अति भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। वहीं प्रदेश के बाकी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान नदी-नालों को पार करने से बचें, पेड़ों के नीचे शरण न लें और खुले मैदानों में जाने से परहेज करें। मौसम बिगड़ने की स्थिति में सतर्क रहें और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें।
