
मध्य प्रदेश| मध्य प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब जनजीवन पर साफ दिखाई देने लगा है। प्रदेश के कई जिलों में जलभराव, सड़क धंसने और बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। इंदौर, पन्ना और रायसेन से बारिश के कारण अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं इंदौर के खुड़ैल रोड स्थित जेतकरण गांव में तेज बारिश के चलते सड़क का एक हिस्सा अचानक धंस गया, जिससे आवागमन प्रभावित हो गया। वहीं उफनते नाले के कारण स्कूली छात्रों को ग्रामीणों ने मानव शृंखला बनाकर सुरक्षित बाहर निकाला। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
पन्ना जिला अस्पताल में बारिश का पानी वार्डों और अस्पताल परिसर में भर गया। जलभराव के कारण मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल स्टाफ को परेशानी का सामना करना पड़ा। अस्पताल की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठ रहे हैं। रायसेन जिले के एक आश्रम में भी बारिश का पानी घुस गया, जिससे वहां रह रहे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने हालात पर नजर रखते हुए राहत और बचाव के इंतजाम शुरू कर दिए हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और नदी-नालों व जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।
