राजगढ़/ब्यावरा: स्वामी विवेकानंद विद्यालय राजगढ़ में कक्षा 12 वीं के विद्यार्थियों के सम्मान में एक भव्य एवं भावनात्मक विदाई समारोह रखा गया. यह समारोह उत्साह, स्नेह और भावनाओं से सराबोर नजर आया.जूनियर विद्यार्थियों ने अपने सीनियर्स का पारंपरिक तिलक लगाकर एवं फूलों से स्वागत किया. विद्यार्थी समूहों में प्रवेश करते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे, जिससे वातावरण उल्लासपूर्ण बन गया. विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सुंदर प्रस्तुति दी गई.
नाटक के माध्यम से विदा ले रहे विद्यार्थियों की विद्यालय जीवन की मस्तियां, शरारतें एवं विभिन्न गतिविधियों को रोचक रूप में प्रस्तुत किया गया. सीनियर विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए. अपने अनुभव साझा करते समय कई विद्यार्थियों की आंखे छलक पड़ी. उन्होंने कहा कि शिक्षकों के मार्गदर्शन, अनुशासन और संस्कारों के कारण ही वे आज इस मुकाम तक पहुंच सके है.
विद्यालय के प्राचार्य अमित साहा ने विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढऩे के महत्वपूर्ण सूत्र बताएं. उन्होंने अभिभावकों एवं बड़ों के सम्मान, उनके आशीर्वाद के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को मूल्यो के साथ निरंतर प्रगति करने की प्रेरणा दी. यह विदाई समारोह विद्यार्थियों के जीवन की एक अविस्मरणीय स्मृति बन गया.
