इंडिया गठबंधन का सेंट्रल हॉल में बैठक के बाद विजय चौक पर धरना 

नई दिल्ली, पिछले कई दिनों से सड़क पर प्रदर्शन करने के बाद इंडिया गठबंधन के सांसदों ने संसद के सेंट्रल हॉल में एक अहम बैठक कर भविष्य की रणनीति को अंतिम रूप दिया. इस बैठक के बाद सभी नेताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर विजय चौक तक पैदल मार्च निकाला. हालांकि पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद सांसदों ने विजय चौक पर जमीन पर बैठकर जोरदार विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी की.

इस मार्च में तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, एनसीपी शरद पवार की नेता सुप्रिया सुले, कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार समेत अनेकों सांसदों ने हिस्सा लिया.विजय चौक के बैरिकेडिंग स्थल पर सड़क पर बैठे सांसदों का नेतृत्व कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा कर रही हैं. उनके नेतृत्व में एकत्र हुए सांसद लगातार चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारे लगाते हुए चुनावी पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं. इस धरने के जरिए विपक्ष ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि लोकतांत्रिक अधिकारों और मतदाताओं के हकों की रक्षा के लिए वे सड़क पर हर संघर्ष का सामना करने को तैयार हैं.

इससे पहले संसद के सेंट्रल हॉल में आयोजित इस रणनीति बैठक में गठबंधन के शीर्ष और दिग्गज चेहरे शामिल हुए. इस अहम बैठक की अगुवाई राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे तथा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने की. बैठक में टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी, एनसीपी शरद पवार की सांसद सुप्रिया सुले, शिवसेना उद्धव ठाकरे के संजय राउत, समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय, वामपंथी दलों की ओर से सीपीआईएम के नेता एम. ए. बेबी तथा राजद की तरफ से राज्यसभा सांसद मनोज झा समेत अन्य सहयोगी दलों के वरिष्ठ नेताओं और सांसदों ने शिरकत की. इस बैठक के माध्यम से गठबंधन ने हालिया मतभेदों की खबरों को दरकिनार कर राष्ट्रीय मुद्दों पर अपनी एकजुटता को मजबूती से प्रदर्शित किया है.

संविधान को बचाने का महासंग्राम : राहुल

इसी दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि यह लड़ाई कोई सामान्य राजनीतिक लड़ाई नहीं है, बल्कि देश के संविधान को बचाने का महासंग्राम है. उन्होंने दावा किया कि एसआईआर के नाम पर जो धांधली हो रही है, उसका सच अब पूरे देश के सामने आ चुका है. राहुल गांधी ने बैठक में जोर देकर कहा कि अब सरकार को जाना होगा. उन्होंने कहा कि उन्हें अभी तक हरियाणा, महाराष्ट्र और गुजरात विधानसभा चुनाव के परिणाम पर भरोसा नहीं हो रहा है. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार द्वारा मिलने का समय नहीं दिए जाने को लेकर भी अपनी नाराज़गी व्यक्त की .

राष्ट्रपति से मिलने गए इंडिया गठबंधन के दस नेता 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करने के लिए इंडिया गठबंधन का एक विशेष दस सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल रात 8 बजे राष्ट्रपति भवन गया. लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री व एसी नेता उमर अब्दुल्ला, एनसीपी शरद पवार से सुप्रिया सुले, सपा से राजीव राय, राजद से मनोज झा,सीपीआईएम के एम. ए. बेबी पैदल चलते हुए राष्ट्रपति भवन तक गए लेकिन कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे व टीएमसी नेता ममता बनर्जी गाड़ी में बैठकर राष्ट्रपति भवन गए.

Next Post

नवरात्रि पर्व की तैयारियों को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों ने किया देवास की माता टेकरी का निरीक्षण

Fri Oct 9 , 2026
देवास। आगामी नवरात्रि पर्व के दौरान देवास स्थित माता टेकरी पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एडीजी राकेश गुप्ता, संभागायुक्त आशीष सिंह एवं डीआईजी नवनीत भसीन ने माता टेकरी का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की। इस […]

You May Like