
देवास। आगामी नवरात्रि पर्व के दौरान देवास स्थित माता टेकरी पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एडीजी राकेश गुप्ता, संभागायुक्त आशीष सिंह एवं डीआईजी नवनीत भसीन ने माता टेकरी का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान कलेक्टर ऋतुराज सिंह एवं पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने माता टेकरी परिसर एवं श्रद्धालुओं के आवागमन से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संभावित भीड़ को दृष्टिगत रखते हुए प्रभावी भीड़ प्रबंधन, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, सुचारु यातायात संचालन तथा श्रद्धालुओं को व्यवस्थित एवं सुरक्षित दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्ग श्रद्धालुओं की सुविधाओं का ध्यान रखने तथा संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की सक्रियता एवं सतत निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इसके अतिरिक्त कानून-व्यवस्था बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने एवं किसी भी आपातकालीन परिस्थिति से त्वरित रूप से निपटने हेतु आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस, प्रशासन एवं संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया। साथ ही पर्व के दौरान व्यवस्थाओं की निरंतर समीक्षा एवं निगरानी करने पर विशेष जोर दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम दर्शन सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभाग पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो।
