जगन्नाथ पुरी की रथ यात्रा, जिसे “चलती हुई आस्था” का महोत्सव कहा जाता है, इस बार श्रद्धा के साथ-साथ अफरा-तफरी और अव्यवस्था की आशंकाओं को भी अपने साथ ले आई.हर साल लाखों श्रद्धालु देश-विदेश से पुरी पहुंचते हैं, भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के भव्य रथों के दर्शन हेतु. परंतु इस वर्ष यात्रा के दौरान जो भगदड़ मची, उसने एक बार फिर यह प्रश्न उठाया कि क्या हमारी धार्मिक व्यवस्थाएं भीड़ की तीव्रता और श्रद्धा की उमंग के लिए तैयार हैं ?
पुरी की गलियों में रथ यात्रा के दिन भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी थी, लेकिन सुरक्षा और मार्ग नियंत्रण में चूक ने स्थिति को बिगाड़ दिया। कई श्रद्धालु घायल हो गए, कुछ बेहोश हुए. अधिकारियों ने दावा किया कि सब कुछ नियंत्रित था, पर जमीनी हकीकत कुछ और ही कह रही थी.
यह घटना सिर्फ पुरी तक सीमित नहीं रही. अहमदाबाद की रथ यात्रा के दौरान एक सजा-संवरा हाथी अचानक बेकाबू हो गया और भगदड़ जैसे हालात बन गए. वहां स्थिति तो संभाल ली गई, लेकिन सवाल ये है कि क्या हम हर बार किस्मत के सहारे आयोजनों को चलाते रहेंगे ?
पुरी और अहमदाबाद की घटनाएं न केवल स्थानीय प्रशासन के लिए एक चेतावनी हैं, बल्कि उन तमाम शहरों के लिए भी जिनमें निकट भविष्य में बड़े धार्मिक आयोजन होने हैं—विशेषकर उज्जैन और नासिक जैसे शहरों में होने वाले कुंभ मेले.
कुंभ मेला कोई सामान्य आयोजन नहीं है,यह लाखों लोगों का एक साथ एकत्र होना है, जिसमें आस्था के साथ जनसामान्य की सुरक्षा और सुविधा भी उतनी ही ज़रूरी है. इलाहाबाद (प्रयागराज) कुंभ में मची भगदड़ की त्रासदी हम अभी भूले नहीं हैं, जिसमें 30 से अधिक श्रद्धालुओं ने जान गंवाई थी.क्या अब भी हम पहले जैसी ही लापरवाहियां दोहराएंगे ?
यह स्वीकारने का समय आ गया है कि धार्मिक उत्सवों को संचालित करने के लिए अब केवल “परंपरा और पुलिस” पर्याप्त नहीं हैं. भीड़ प्रबंधन में आधुनिक तकनीक का समावेश होना चाहिए, जिससे
कहां कितनी भीड़ है, कहां दबाव बढ़ रहा है – इसका तुरंत विश्लेषण हो सके.मोबाइल अलर्ट सिस्टम भी होना चाहिए जिसके कारण लोगों को मार्ग बदलने या भीड़ से बचने की चेतावनी मिल सके.केवल पुलिस नहीं, प्रशिक्षित स्वयंसेवक भी तैनात हों, जो भीड़ को समझा सकें और घायल की तुरंत मदद कर सकें.
अहमदाबाद की रथ यात्रा में हाथी का बेकाबू होना यह दर्शाता है कि भीड़, शोर और गर्मी में पशु भी असहज हो जाते हैं. धार्मिक आयोजनों में पशुओं का उपयोग अब एक बार फिर समीक्षा के घेरे में आना चाहिए. परंपरा अपनी जगह है, लेकिन समय के साथ संवेदनशीलता और व्यावहारिकता को प्राथमिकता देना आवश्यक है.मध्यप्रदेश के उज्जैन और महाराष्ट्र के नासिक में आगामी वर्षों में कुंभ मेले आयोजित होंगे. ये आयोजन धार्मिक गौरव के साथ-साथ प्रशासनिक कौशल का भी इम्तिहान होंगे.इन दोनों शहरों को अभी से तैयारी करनी होगी. स्थायी बुनियादी ढांचे के निर्माण, भीड़ मार्ग निर्धारण, आपदा प्रबंधन अभ्यास और नागरिक सहभागिता को लेकर.
धार्मिक आयोजन केवल पूजा-पाठ का मंच नहीं होते, वे हमारी सांस्कृतिक और सामाजिक जिम्मेदारियों का भी प्रतिबिंब हैं. जब लाखों लोग एक साथ किसी उद्देश्य से एकत्र होते हैं, तो वहां केवल भावना नहीं, बल्कि अनुशासन और प्रबंधन की भी पूजा होनी चाहिए.
यदि पुरी की रथ यात्रा, अहमदाबाद की घटना और अतीत की त्रासदियां हमें यह नहीं सिखा पा रहीं कि आस्था की रक्षा के लिए व्यवस्था का कड़ा ढांचा चाहिए, तो हम अपने भविष्य के आयोजनों को केवल संयोग के भरोसे छोड़ रहे हैं.धार्मिक आयोजन भारत की आत्मा हैं. लेकिन यह आत्मा तभी सुरक्षित और सशक्त रह सकती है जब उसे एक संगठित और संवेदनशील व्यवस्था का शरीर मिले. हमें यह समझना होगा कि श्रद्धालुओं की भीड़ भी उतनी ही पवित्र है जितने कि भगवान !
